प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी की संदिग्ध मौत के बाद दादा बोले- 'हो सीबीआई जांच'

यूपी तक

• 03:45 PM • 30 Sep 2026

प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक लोधी की संदिग्ध मौत का मामला उभर रहा है. परिवार न्यायार्थ सीबीआई जांच की मांग कर रहा है.

Google CTA

दो साल पहले मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक युवक वृंदावन की पावन धरा पर संन्यास की राह चुनने निकला था. उसने संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली और दीपक लोधी से 'रसिक दुलारी शरण' बन गया. लेकिन किसे पता था कि भक्ति के इस मार्ग पर बढ़ा कदम एक दर्दनाक और बेहद रहस्यमयी अंत पर जाकर रुकेगा. आज वही बूढ़ी आंखें अपने नाती को ढूंढ रही हैं जो अब कभी लौटकर नहीं आएगा. आश्रम की चौथी मंजिल से गिरकर हुई रसिक दुलारी की संदिग्ध मौत, खौफनाक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शरीर पर मिले गहरे जख्मों ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. अब पीड़ित परिवार और बुजुर्ग दादा इंसाफ की गुहार लगाते हुए पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं.

यह भी देखें...

"दीक्षा के बाद से तोड़ दिया संपर्क": दादा का छलका दर्द

मृतक दीपक लोधी के दादा प्रेमलाल पटेल लोधी अपनी आंसुओं से भरी आंखों से न्याय की मांग कर रहे हैं. उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दो साल पहले जब से उनके नाती ने वृंदावन जाकर दीक्षा ली थी, तब से परिवार से उसका संपर्क पूरी तरह काट दिया गया था.

दादा का दर्द छलक पड़ा,'दीक्षा के बाद से न उससे मिलने दिया जाता था और न ही ठीक से बात हो पाती थी. जब भी आश्रम जाते, आधा-एक घंटा बाहर ही बैठाकर रख दिया जाता था, कोई अंदर नहीं जाने देता था. अब अचानक फोन आया कि उसे चोट लगी है और जब हम पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी. मेरा नाती बहुत सीधा और समझदार था, उसका किसी से कोई विवाद नहीं था. वह खुद ऐसा कदम कभी नहीं उठा सकता. यहां कोई सुनवाई नहीं हो रही है, हमें न्याय चाहिए.'

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खौफनाक सच आया सामने

रसिक दुलारी की मौत के बाद सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस मामले में हत्या और साजिश की आशंका को और गहरा कर दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक शव दो हिस्सों में बरामद हुआ था. एक मुख्य बॉडी और दूसरा हिस्सा. इसके अलावा प्राइवेट पार्ट कटे होने के दावों ने मामले को और गंभीर बना दिया है.

मौत से पहले शरीर पर कई गंभीर चोटों  के निशान पाए गए. मृतक के सिर पर कई गंभीर चोटें थीं, साथ ही होठों और ठोड़ी के पास भी गहरे घाव के निशान मिले. दिल के दोनों चेंबर पूरी तरह से खाली पाए गए, पसलियों में फ्रैक्चर था और दोनों किडनियां पीली पड़ चुकी थीं.

CCTV में दिखे खून से सने कपड़े और 4वीं मंजिल से मौत

घटना 25 सितंबर की सुबह की है. सुबह लगभग 10:25 बजे के एक सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) में रसिक दुलारी खून से सने कपड़ों में अपने कमरे के बाहर निकलते हुए दिखाई दिए थे. इसके कुछ ही देर बाद आश्रम की चौथी मंजिल से गिरकर उनकी मौत की सनसनीखेज खबर सामने आ गई. कमरे के अंदर दीवारों और कटिंग मशीन पर मिले खून के निशानों ने इस पूरी घटना को और अधिक उलझा दिया है.

पुलिस का खुदकुशी का दावा, परिवार अड़ा सीबीआई जांच पर

मामले में मथुरा के एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच और साक्ष्यों के आधार पर यह बात सामने आ रही है कि प्रेमानंद महाराज के शिष्य ने खुद यह कदम उठाया है. हालांकि पुलिस हर फॉरेंसिक और तकनीकी पहलू से जांच कर रही है.

दूसरी तरफ, वृंदावन से लेकर अयोध्या तक के साधु-संतों में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी है. वहीं दीपक का परिवार पुलिस की आत्महत्या वाली थ्योरी को सिरे से खारिज कर रहा है. परिवार का कहना है कि दीक्षा के बाद से क्या घटा, इसकी निष्पक्ष और बारीकी से सीबीआई (CBI) जांच होनी चाहिए ताकि सच सामने आ सके कि उस बंद कमरे के भीतर आखिरकार क्या हुआ था.