Kapil Dev Agarwal Statement: मुजफ्फरनगर के फुगाना थाना क्षेत्र के हबीबपुर गांव में रविवार देर शाम हुई भारी बारिश एक परिवार के लिए काल बन गई. बारिश के कारण एक कच्चा मकान अचानक ढह गया, जिससे मलबे में दबकर पिता इस्लामुद्दीन और उनके पांच बच्चों की मौत हो गई. हादसे में परिवार की दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना के बाद राहत कार्य के साथ-साथ राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई, क्योंकि घायलों का हाल जानने पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल के बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया.
ADVERTISEMENT
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने क्या कहा?
अस्पताल में मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल की एक टिप्पणी चर्चा का विषय बन गई. उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए बढ़ती आबादी का भी जिक्र किया. मंत्री ने कहा, 'सरकार लगातार पक्का मकान दे रही है, लेकिन फिर भी पक्का मकान कर रहे हैं। अब यह जनसंख्या बढ़ती आ रही है, पक्का मकान मिलते हैं। उसके बाद फिर एक नया परिवार हो जाता है। अब इन्हीं के नौ बच्चे हैं तो ठीक है, तो सरकार की सीमा है.'
मलबे में दबा पूरा परिवार
रविवार देर शाम लगातार बारिश के बीच हबीबपुर गांव में इस्लामुद्दीन का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. मलबा हटाकर परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला गया. इस हादसे में 52 वर्षीय इस्लामुद्दीन, उनके 8 माह के बेटे जीशान, 2 वर्षीय आहद, 5 वर्षीय अल्शिफ़ा और 12 वर्षीय रुकसार की मौत हो गई. वहीं रुकैया और सुमैया गंभीर रूप से घायल मिलीं, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया.
घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे मंत्री
घटना की जानकारी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल जिला अस्पताल पहुंचे और घायल बच्चियों का हालचाल लिया. उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ने भी इस घटना का संज्ञान लिया है और जिलाधिकारी तथा एसएसपी को मौके पर भेजा गया है. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को निर्धारित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और प्रशासन हर संभव मदद करेगा.
सरकार ने सहायता का दिया भरोसा
मंत्री ने कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और सभी आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जाएगी. प्रशासन को राहत कार्य तेज करने और घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी न रखने के निर्देश दिए गए हैं. वहीं अधिकारियों ने भी हादसे के कारणों और प्रभावित परिवार की स्थिति का आकलन शुरू कर दिया है.
ADVERTISEMENT











