पूनम का जिम जाना नहीं पसंद करता था पति शोभित गुप्ता, इतनी ही बात पर उसने पत्नी को दी ऐसी दर्दनाक मौत

Moradabad Crime News: मुरादाबाद में जिम जाने को लेकर हुए विवाद में पति शोभित गुप्ता ने पत्नी पूनम की लोहे के हैंडल से हत्या कर दी. घटना को हादसा दिखाने की नाकाम कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. परिवार में मातम पसरा है.

Moradabad News

Moradabad News

जगत गौतम

24 Apr 2026 (अपडेटेड: 24 Apr 2026, 04:18 PM)

follow google news

Moradabad Crime News: मुरादाबाद के डबल फाटक टावर वाली गली इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक पति शोभित गुप्ता ने अपनी पत्नी पूनम की बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या की वजह सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई. आरोपी पति को अपनी पत्नी के जिम जाने पर आपत्ति थी. इस वजह को लेकर दोनों के बीच हुई मामूली विवाद ने इस कदर हिंसक रूप ले लिया कि पति ने दुकान के लोहे के हैंडल से हमला कर अपनी पत्नी की जान ले ली. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

यह भी पढ़ें...

क्या है पूरा मामला

पुलिस पूछताछ में आरोपी शोभित गुप्ता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. शोभित ने बताया कि उसे पत्नी पूनम के जिम जाने से सख्त परहेज था. हालांकि उसे पूनम के चरित्र पर कोई शक नहीं था. लेकिन जिम के माहौल और वहां के ट्रेनर्स को लेकर उसके मन में अजीब सी आशंकाएं थीं. उसे डर था कि जिम का माहौल उसकी पत्नी को बिगाड़ रहा है. यही छोटी सी बात समय के साथ पति के मन में जुनून और शक में बदल गई जो अक्सर घर में कलह का कारण बनती थी.

सिर पर वार कर रची साजिश

शोभित और पूनम के बीच 22 अप्रैल को जिम जाने की बात पर बहस हुई. इस दौरान गुस्से में आकर शोभित ने दुकान के शटर में इस्तेमाल होने वाला लोहे का भारी हैंडल उठाया और पूनम के सिर पर जोरदार हमला कर दिया. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण पूनम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हत्या के बाद आरोपी ने मामले को हादसे का रूप देने की नाकाम कोशिश की. उसने शव को बेड पर लिटा दिया और शाम तक इंतजार किया ताकि किसी को शक न हो. आखिर में उसने डायल 112 और एंबुलेंस को फोन कर झूठी सूचना दी कि पत्नी गिरकर घायल हो गई है.

मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल का मुआयना करते ही कहानी में झोल नजर आया. कमरे के हालात और चोट के निशान प्रथम दृष्टया ही हत्या की ओर इशारा कर रहे थे. पुलिस की पूछताछ के सामने शोभित ज्यादा देर टिक नहीं सका और उसने सच उगल दिया. मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का हत्था बरामद कर लिया गया है.

सात साल की बेटी के सिर से उठा मां का साया

इस हत्याकांड ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. जहां एक तरफ आरोपी पति सलाखों के पीछे है. वहीं दूसरी ओर सात साल की मासूम बेटी के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है. परिवार में मातम पसरा है और हर कोई इस बात से हैरान है कि एक छोटी सी जिद और शक ने एक हंसते-खेलते परिवार को किस कदर तबाह कर दिया.