Mirzapur News: स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड का 24 घंटे में खुलासा, गणेश प्रताप सिंह समेत 3 बदमाश गिरफ्तार

Mirzapur Robbery News: मीरजापुर में स्वर्ण व्यवसायी से लूट की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के कब्जे से लूटे गए आभूषण, घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुए. पुलिस जांच में जेल से शुरू हुई अपराधी दोस्ती का भी खुलासा हुआ.

 स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड का 24 घंटे में खुलासा, गणेश प्रताप सिंह समेत 3 बदमाश गिरफ्तार

स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड का 24 घंटे में खुलासा, गणेश प्रताप सिंह समेत 3 बदमाश गिरफ्तार

Newzo

• 04:02 PM • 30 Jun 2026

follow google news

Mirzapur Robbery News: यूपी के मीरजापुर जिले के थाना कछवां क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने 24 घण्टे के भीतर खुलासा करते हुए, 3 शातिर बदमाशों को लूट की घटना से सम्बन्धित आभूषण, घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक तथा अवैध तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. 

यह भी पढ़ें...

 ग़ौरतलब हो कि कछवां थाना अंतर्गत कछवां बाजार निवासी अजय केशरी पुत्र स्वर्गीय अलबेले 28 जून को रात लगभग 8 बजे जलालपुर स्थित अपनी आभूषण की दुकान को बंद कर कछवां बाजार वापस आ रहे थे कि इसी दौरान सबेसर के पास बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों द्वारा उसके साथ लूट की घटना को अंजाम दिया गया था. 

घटना की जानकारी होने पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की खोजबीन में जुट गई थी. वारदात स्थल का पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक द्वारा निरीक्षक करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में घटना के शीघ्र अनावरण एवं बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था. गठित पुलिस टीमों द्वारा सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का संकलन करते हुए 29 जून 2026 को थाना कछवां व एसओजी, सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना के आधार पर दामोदरपुर बस्ती बह्द ग्राम मझवां के पास से अपाचे बाइक सवार 2 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया. जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम अमन दुबे (20 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम दुबे निवासी ककरापार थाना जहांगीरगंज जनपद अम्बेडकरनगर व कपिल यादव (20 वर्ष) पुत्र बाबूलाल यादव निवासी मझवां थाना कछवां, मीरजापुर तथा ग्राम धनैता मार्ग पुलिया के पास से तीसरे गणेश प्रताप सिंह (26 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय पारसनाथ सिंह निवासी बगहा थाना चुनार, मीरजापुर को गिरफ्तार किया गया.

गिरफ्तार बदमाशों के पास से लूट की घटना से सम्बन्धित 5 अदद पायल (सफेद धातु),2 अदद टॉप्स (पीली धातु),1 अदद लॉकेट (पीली धातु), 1 अदद मोबाइल फोन, अमन दुबे के पास से एक देशी तमंचा 315 बोर व 1 जिंदा कारतूस एवं घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद किया गया. 

अंबेडकर नगर जेल में हुई थी दोस्ती, मिलकर लूट करने का बना मसौदा

मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में बदमाशों को मीडिया से मुखातिब कराते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश अमन दुबे द्वारा बताया गया कि अम्बेडकर नगर जेल में उसकी मुलाकर गणेश प्रताप सिंह से हुई थी वहीं से उसकी दोस्ती हुई. गणेश प्रताप मुझे यहां बुलाया था जहां मेरी मुलाकात कपिल यादव से हुई. हम तीनों लोग यहां रहकर लूट की घटना को अंजाम देते हैं. 

कम उम्र में सीखा अपराध का ककहरा

लूट की घटना में गिरफ्तार किए गए तीनों बदमाशों की उम्र भले ही कम है, लेकिन तीनों ही शातिर दिमाग के बदमाश है. जिनपर अंबेडकर नगर, मीरजापुर, सोनभद्र सहित अन्य जनपदों में लूट हत्या छिनैती के कई गंभीर मामले कायम हैं. 

पुलिस के मुताबिक गणेश प्रताप सिंह काफी शातिर किस्म का बदमाश है जिसपर सोनभद्र के एक डाक्टर को रंगदारी वसूलने का भी आरोप है. 

बताया जा रहा है कि अंबेडकर नगर जेल में मुलाकात होने के बाद तीनों ने मिलकर अपराधों को अंजाम देने का खाका खींचा था, कछवां में स्वर्ण कारोबारी से लूट की घटना भी इसी का हिस्सा रहा है.