नौकरी का झांसा देकर लड़की को बंगाल से मेरठ ले आया कबाड़ व्यापारी नौशाद, क्या था असली इरादा?

Meerut News: मेरठ में पुलिस ने पश्चिम बंगाल की नाबालिग लड़की के साथ एक युवक को हिरासत में लिया है. युवक पर लड़की को बहला-फुसलाकर लाने और धर्म परिवर्तन की कोशिश का आरोप है. फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और नाबालिग लड़की को नारी निकेतन भेज दिया गया है.

यूपी तक

• 04:57 PM • 10 May 2026

follow google news

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में प्रतापपुर थाना क्षेत्र के शताब्दी नगर इलाके में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एक युवक और एक नाबालिग लड़की को स्थानीय लोगों ने संदिग्ध हालात में देखा. यह युवक कबाड़ का कारोबार करने वाला बताया जा रहा है, जिसका नाम नौशाद है. दोनों इलाके में किराए का कमरा ढूंढ रहे थे, तभी लोगों को उन पर शक हुआ और मामला बढ़ गया.

यह भी पढ़ें...

इसके बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और एक अन्य साथी मौके से फरार बताया जा रहा है.

किराए का कमरा ढूंढते ही बढ़ा शक

जानकारी के अनुसार, नौशाद नाम का यह युवक और उसके साथ मौजूद नाबालिग लड़की मेरठ के रिठानी क्षेत्र में किराए का कमरा तलाश कर रहे थे. इसी दौरान स्थानीय लोगों को उन पर शक हुआ और देखते ही देखते मौके पर हंगामा हो गया.

स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी हिंदू संगठनों को दी, जिसके बाद कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया.

धर्म परिवर्तन के आरोपों से बढ़ा विवाद

हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि युवक ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर मेरठ लाया और धर्म परिवर्तन की कोशिश की जा रही थी. इन आरोपों के बाद कार्यकर्ताओं ने नौशाद को पुलिस के हवाले कर दिया और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की.

पुलिस पूछताछ में आरोपी नौशाद ने बताया कि वह कबाड़ के कारोबार से जुड़ा हुआ है और उसकी मां पश्चिम बंगाल की रहने वाली है. उसने कहा कि उसका बंगाल आना-जाना लगा रहता है. नौशाद का दावा है कि उसकी युवती के परिवार से पहचान थी और वह उसे नौकरी दिलाने के झांसे में मेरठ लेकर आया था. साथ ही उसने यह भी बताया कि पड़ोस में रहने वाले एक हिंदू परिवार के संपर्क के चलते उसकी जान-पहचान हुई थी.

दो राज्यों से जुड़ा मामला

पुलिस के अनुसार आरोपी शाहपुर, मुजफ्फरनगर का रहने वाला है और 6 मई 2026 को वह पश्चिम बंगाल से लड़की को लेकर मेरठ आया था. जांच में यह भी सामने आया है कि इस मामले में पश्चिम बंगाल के पुरवा मैदानीपुर में पहले से एक एफआईआर दर्ज है. इसी आधार पर पुलिस दोनों राज्यों के बीच समन्वय बनाकर जांच कर रही है.

नाबालिग को नारी निकेतन भेजा गया

पुलिस ने नाबालिग लड़की को सुरक्षा के लिहाज से नारी निकेतन भेज दिया है. उसके परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है. वहीं आरोपी युवक से पूछताछ जारी है और उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है.

संगठन ने की कार्रवाई की मांग

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है. हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

पुलिस की कार्रवाई और आगे की जांच

थाना प्रतापपुर पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों से पूछताछ की गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है और आगे की वैधानिक कार्रवाई पश्चिम बंगाल पुलिस के साथ मिलकर की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है.

यह भी पढ़ें: मंगल-चंद्रमा की युति से बनेगा महालक्ष्मी राजयोग, इन 4 राशियों पर होगी मां लक्ष्मी की खास कृपा