Meerut Illegal Arms Factory: कपड़ों की अलमारी के पीछे मिला 'पाताल लोक', तहखाने में चल रही थी हथियारों की फैक्ट्री, BCA छात्र समेत 4 गिरफ्तार

Meerut Illegal Arms Factory: मेरठ के खरदौनी गांव में अलमारी के पीछे चल रही थी अवैध हथियारों की फैक्ट्री. पुलिस ने तहखाने से भारी मात्रा में तमंचे और उपकरण बरामद किए, 4 आरोपी गिरफ्तार.

यूपी तक

• 04:24 PM • 07 May 2026

follow google news

Meerut Illegal Arms Factory: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से फिल्मी अंदाज में हथियारों की तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है. यहां इचौली थाना क्षेत्र के खरदौनी गाँव में एक घर के भीतर अलमारी के पीछे छिपाया गया गुप्त तहखाना मिला, जहाँ बड़े पैमाने पर अवैध हथियार बनाए जा रहे थे.

यह भी पढ़ें...

फिल्मी स्टाइल में बनाया था गुप्त रास्ता

पुलिस जब छापेमारी करने पहुँची, तो पहली नजर में घर सामान्य लगा. लेकिन गहन तलाशी के बाद हकीकत सामने आई. फैक्ट्री तक पहुंचने का रास्ता कपड़े रखने वाली एक मुख्य अलमारी के अंदर से होकर जाता था. अलमारी के पिछले हिस्से को हटाने पर नीचे तहखाने की सीढ़ियाँ खुलती थीं. अलमारी के नीचे बने इस अंधेरे कमरे को अवैध हथियारों की फैक्ट्री के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था, ताकि बाहर किसी को भनक न लगे.

BCA छात्र और मास्टरमाइंड गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में गिरोह के चार सदस्यों को दबोचा है. मुख्य आरोपी इमरान को इस पूरी अवैध यूनिट का संचालक माना जा रहा है.  हैरान करने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में उमंग नाम का एक छात्र भी शामिल है, जो BCA की पढ़ाई कर रहा है और हथियारों की तस्करी में सक्रिय था.

हथियारों का जखीरा और कच्चा माल बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामान मिला है. तैयार हथियार: मौके से 5 तैयार तमंचे बरामद किए गए हैं. अधबने हथियार, उन्हें बनाने के औज़ार और भारी मात्रा में कच्चा माल जब्त किया गया है. पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इन हथियारों की सप्लाई कहाँ-कहाँ की जानी थी और इस गिरोह के तार किन अन्य अपराधियों से जुड़े हैं. इस घटना के बाद खरदौनी गाँव और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. यह मामला दर्शाता है कि अपराधी अपनी गतिविधियों को छिपाने के लिए किस हद तक शातिर तरीके अपना रहे हैं.