उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां बीजेपी युवा मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष ईशान सक्सेना पर एक महिला ने छेड़छाड़, पीछा करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से स्कॉर्पियो गाड़ी और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है.
ADVERTISEMENT
दवा सप्लाई के बहाने बढ़ाए संपर्क
पुलिस जांच में इस पूरे विवाद की शुरुआत एक सामान्य संपर्क से सामने आई है. आरोपी ईशान सक्सेना दवा सप्लाई का काम करता है. वह महिला के बेटे को दवा देने के दौरान उसके संपर्क में आया था. महिला का आरोप है कि संपर्क होने के बाद आरोपी ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया. उसने महिला से हजारों रुपए वसूल लिए थे और अब लाखों रुपए की मांग कर रहा था.
रास्ते में रोककर की छेड़छाड़
पीड़िता ने पुलिस को आपबीती सुनाते हुए बताया कि आरोपी की हिम्मत इतनी बढ़ गई थी कि उसने सार्वजनिक रूप से उसे प्रताड़ित किया. घटना उस वक्त की है जब महिला अपने बेटे को स्कूल छोड़कर घर लौट रही थी. आरोप है कि ईशान ने बीच सड़क पर महिला की गाड़ी रुकवाई और उसके साथ छेड़छाड़ की. पुलिस की कार्रवाई: महिला की तहरीर पर थाना प्रेम नगर पुलिस ने मामला दर्ज किया और दबिश देकर ईशान सक्सेना को गिरफ्तार कर लिया.
कानूनी कार्रवाई और बरामदगी
पुलिस ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है. पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और उसकी स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है. आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस मामले में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी. प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई ने यह संदेश दिया है कि कानून की नजर में अपराधी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा.
ADVERTISEMENT









