Hamirpur Boat Accident: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहां यमुना नदी पार करते समय एक नाव अचानक अनियंत्रित होकर डूब गई. नाव में कुल 9 लोग सवार थे, जिनमें से 3 को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि 6 लोग अब भी लापता हैं.
ADVERTISEMENT
तरबूज लेकर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण नदी के उस पार से तरबूज और खरबूज लेकर वापस लौट रहे थे. नाव जैसे ही नदी के बीच मझधार में पहुँची, वह असंतुलित होकर पलटने लगी. नाव डगमगाते ही उसमें सवार लोगों में डर और हड़बड़ी मच गई, जिसके चलते सभी लोग गहरे पानी में गिर गए. पास ही मौजूद मछुआरों ने जान जोखिम में डालकर तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और 3 लोगों की जान बचा ली.
लापता लोगों में 5 मासूम बच्चे शामिल
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि लापता 6 लोगों में एक महिला और 5 छोटे बच्चे शामिल हैं. बताया जा रहा है कि यह परिवार घर में होने वाली एक शादी के जश्न की तैयारियों में जुटा था, लेकिन इस हादसे ने पूरे गाँव को झकझोर कर रख दिया है.
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी: NDRF और SDRF तैनात
प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है. लापता लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों को मौके पर बुलाया गया है. नदी की तेज धारा और गहराई के कारण गोताखोरों को सर्च ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. जिला प्रशासन का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक सभी लापता लोगों का पता नहीं चल जाता.
गांव में फिलहाल सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोग भी अपने स्तर पर प्रशासन की मदद में जुटे हैं और सभी की सलामती की दुआ कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT









