अब पर्ची से नहीं पारदर्शी तरीके से मिल रही नौकरियां...सरकारी नौकरी भर्ती को लेकर सीएम योगी का बड़ा बयान

उत्तर प्रदेश सरकार ने पारदर्शी प्रक्रिया से नौकरियों में 9 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार दिया है. महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है और MSME सेक्टर में रोजगार के अवसर बढ़े हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं.

यूपी तक

• 03:40 PM • 04 May 2026

follow google news

CM Yogi News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की भर्ती प्रक्रिया में हुए बड़े बदलावों और निष्पक्षता पर जोर देते हुए पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर नियुक्तियां मिल रही हैं जबकि पहले 'चाचा-भतीजे' की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी. मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें पूरी ईमानदारी और शुद्ध नियत के साथ काम करने की सीख दी है.

यह भी पढ़ें...

भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती का नया उदाहरण

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान निष्पक्षता का उदाहरण देते हुए कहा कि आज भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष और अधिकारी अभ्यर्थियों के बीच ही बैठे होते हैं, लेकिन कोई उन्हें पहचानता तक नहीं है. उन्होंने पुरानी व्यवस्था पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले भर्ती बोर्ड के चेयरमैन एक तरफ बैठते थे और दूसरी तरफ चाचा-भतीजे की जोड़ी अवैध वसूली में जुट जाती थी. उस दौर में हर भर्ती के लिए 'पर्ची' और नाम भेजे जाते थे, जिसका खामियाजा अक्सर अधिकारियों को भुगतना पड़ता था.

भ्रष्ट तंत्र को रोकने की अपील

सीएम योगी ने स्पष्ट संदेश दिया कि यदि बेईमान राजनीतिज्ञों और भ्रष्ट नौकरशाहों को रोकना है, तो इसकी शुरुआत खुद से करनी होगी.  उन्होंने कहा कि आम जनमानस ईमानदारी के साथ जीवन जीना चाहता है और व्यवस्था को भी उसी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ना होगा. उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भी इस प्रक्रिया का हिस्सा बनें और व्यवस्था में सुधार की नींव रखें.

युवाओं की जिम्मेदारी और सपनों की उड़ान

मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान पीढ़ी सौभाग्यशाली है कि उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए सरकार ने एक पारदर्शी प्लेटफार्म उपलब्ध करवाया है. उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस शुद्ध नियत के साथ सरकार ने आपको नियुक्ति पत्र दिया है, उसी नियत के साथ आपको अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए. उन्होंने कहा कि जब कर्मचारी ईमानदारी से काम करेंगे, तभी जनता का सिस्टम पर विश्वास बना रहेगा.