मेदांता ICU में भर्ती अजय राय की हेल्थ को लेकर आ गया ये अपडेट, अब कैसे हैं वो?

कांग्रेस नेता अजय राय की मेदांता अस्पताल में आईसीयू में इलाज चल रहा है. उनकी हालत नाज़ुक है और कई नेता उनकी स्वास्थ्य के लिए दुआ कर रहे हैं. डॉक्टर्स सोडियम स्तर नियंत्रित कर रहे हैं.

यूपी तक

• 05:33 PM • 02 May 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है. उनके अस्वस्थ होने की खबर मिलते ही सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी तक ने सोशल मीडिया के जरिए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. फिलहाल, वरिष्ठ डॉक्टरों की एक टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रखी है.

यह भी पढ़ें...

अचानक बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान अजय राय को अचानक सीने में दर्द और घबराहट महसूस हुई जिसके बाद उन्हें बेहोशी की हालत में शाम करीब 6:30 बजे मेदांता अस्पताल लाया गया. अस्पताल द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, उन्हें 'सीजर' (दौरे) की शिकायत हुई थी और जांच में उनके रक्त में सोडियम का स्तर काफी कम पाया गया है. क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. दिलीप की टीम उनके सोडियम लेवल को स्थिर करने की कोशिश कर रही है. फिलहाल उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है.

पीएम मोदी और राहुल गांधी के पोस्ट की चर्चा

अजय राय की सेहत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की मंगलकामना की. इसके करीब 12 घंटे बाद राहुल गांधी ने भी पोस्ट कर चिंता जताई और उनके जनसेवा में जल्द सक्रिय होने की आशा व्यक्त की. राजनीतिक हलकों में इस बात की चर्चा है कि धुर विरोधी होने के बावजूद प्रधानमंत्री ने जिस तत्परता से उनके लिए संदेश भेजा वह अजय राय के बढ़ते राजनीतिक कद को दर्शाता है.

वाराणसी में पीएम मोदी को दी थी कड़ी टक्कर

अजय राय भले ही वर्तमान में सांसद या विधायक न हों लेकिन उनकी पहचान प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ वाराणसी से मजबूती से चुनाव लड़ने वाले नेता के रूप में है. 2014 और 2019 के मुकाबले 2024 के लोकसभा चुनाव में अजय राय ने पीएम मोदी को कड़ी चुनौती दी थी जहां उन्होंने 4 लाख से ज्यादा वोट हासिल किए थे. चुनावी शुरुआती रुझानों में तो वे एक समय प्रधानमंत्री से आगे भी निकल गए थे, जिसने सभी को हैरान कर दिया था.

डॉक्टरों की सलाह

अजय राय के केस में सोडियम लेवल कम होने को लेकर विशेषज्ञ डॉक्टरों ने आम लोगों के लिए भी चेतावनी जारी की है. डॉक्टरों का कहना है कि भीषण गर्मी में केवल पानी पीना पर्याप्त नहीं है. शरीर में डिहाइड्रेशन के साथ-साथ इलेक्ट्रोलाइट्स (सोडियम, पोटेशियम) की कमी भी हो सकती है. इससे बचने के लिए ओआरएस (ORS), इलेक्ट्रोल या नमक-चीनी के घोल का सेवन करना बेहद जरूरी है.