Etawah BJP Conflict: इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पुठनसौली गांव में आयोजित भाजपा के एक स्वागत समारोह में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पार्टी के ही दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई. भाजपा के जिला महामंत्री सतेंद्र राजपूत और जिला मंत्री सुरेश राजपूत के समर्थकों के बीच हुआ यह विवाद अब पुलिस की चौखट तक पहुंच गया है.
ADVERTISEMENT
रंगदारी और तमंचा लहराने के आरोप
कार्यक्रम के दौरान हुए इस विवाद में बेहद गंभीर आरोप लगाए गए हैं. आरोप है कि कुछ कार्यकर्ताओं ने नेताओं से रंगदारी मांगनी शुरू कर दी थी. विरोध करने पर मामला हाथापाई और पथराव तक पहुँच गया, जिसमें नेताओं की गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया. घटना के दौरान तमंचा तानने और सोने की चेन लूटने जैसे संगीन आरोप भी सामने आए हैं. मामले के मुख्य आरोपी मनोज राजपूत ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. मनोज का कहना है कि उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश रची जा रही है और वे वर्तमान में पार्टी के किसी पद पर नहीं हैं. उन्होंने इस झगड़े की जड़ एक निजी अस्पताल में हुई पुरानी झड़प को बताया है और दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज से पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी.
पार्टी और पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद भाजपा के अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है और कार्यकर्ता दो गुटों में बंट गए हैं. भाजपा जिला अध्यक्ष ने इस घटना को पार्टी की गरिमा के खिलाफ बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. यह घटना स्थानीय राजनीति में वर्चस्व की जंग और आपसी मतभेदों के हिंसक रूप को उजागर करती है. पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जाँच के बाद दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.
ADVERTISEMENT









