Meerut Murder Case: मेरठ के परीक्षितगढ़ क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया. एक अकेले घर में रात के सन्नाटे के बीच सो रही बेसहारा विधवा महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई. यह घटना रिश्तों को शर्मसार करने वाली है, क्योंकि हत्या का आरोपी कोई बाहरी नहीं बल्कि मृतका का ही चचेरा देवर निकला. महज कुछ रुपये के जेवर और मोबाइल फोन के लालच में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया.
ADVERTISEMENT
घटना के बाद गांव में मचा मातम
यह घटना मेरठ के परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के सैदीपुर उर्फ रामनगर गांव की है. मृतका फूल समुद्री देवी अपने घर में अकेली रहती थीं. उनके पति राम सिंह का पहले ही निधन हो चुका था. बुधवार सुबह जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई. ग्राम प्रधान की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां बुजुर्ग महिला का खून से लथपथ शव पड़ा मिला. गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान थे, जिससे साफ था कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है.
पुलिस जांच में तेजी, 5 टीमों का गठन
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी. मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने खुद मामले की कमान संभाली और 5 पुलिस टीमों का गठन किया. पुलिस ने 25 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की. तकनीकी और मैनुअल जांच के आधार पर शक की सुई मृतका के ही परिवार के एक सदस्य पर जाकर टिक गई.
4 घंटे में पुलिस ने सुलझाया ब्लाइंड मर्डर केस
पुलिस ने जांच के आधार पर गांव के ही 65 वर्षीय लीलू सिंह को हिरासत में लिया. सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी मृतका का चचेरा देवर निकला, जो पड़ोस में ही रहता था. पूछताछ में उसने बताया कि वह शराब के नशे में चोरी के इरादे से घर में घुसा था, लेकिन इसी दौरान बुजुर्ग महिला की नींद खुल गई. पकड़े जाने के डर से उसने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी और जेवर तथा मोबाइल लेकर फरार हो गया.
हत्या के बाद चोरी के जेवर और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार, सोने के कुंडल, चांदी की पायल और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मामले में चोरी और सबूत मिटाने की धाराएं भी बढ़ा दी हैं.
पुलिस का बयान और आगे की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में सभी साक्ष्यों को जुटाकर कोर्ट में मजबूत केस पेश किया जाएगा, ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिल सके. फिलहाल आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है.
ADVERTISEMENT










