पहले गोलियां मारी फिर चाकू से गोदा, मेरठ में पोतों ने किया दादा का कत्ल... जमीन का चल रहा था विवाद

Meerut Murder Case: मेरठ में 82 वर्षीय दादा की 25 बीघा जमीन के लालच में दो सगे पोतों ने गोली मारकर और चाकू से गोदकर हत्या कर दी है. वारदात के बाद दोनों आरोपी हरिद्वार भाग गए थे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है.

यूपी तक

• 07:57 PM • 28 Jun 2026

follow google news

Meerut Murder Case: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां दादा और पोते के पवित्र रिश्ते को कलंकित करते हुए दो सगे पोतों ने अपने 82 साल के बुजुर्ग दादा की बेरहमी से हत्या कर दी है. आरोपियों को डर था कि दादा अपनी बची हुई जमीन दूसरे पोते के नाम पर न कर दें. इसी लालच में उन्होंने दादा को गोली मारी और फिर चाकू से गोदकर उनकी जान ले ली. इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

यह भी पढ़ें...

जमीन बंटवारे को लेकर हुआ विवाद

82 साल के बुजुर्ग किसान विजयपाल के पास करीब 100 बीघा जमीन थी. उन्होंने अपने जीते जी इस जमीन के चार हिस्से किए और अपने तीन बेटों को 25-25 बीघा जमीन दे दी थी. बची हुई 25 बीघा जमीन विजयपाल ने अपने पास रखी हुई थी. इसमें से करीब 7 बीघा जमीन उन्होंने अपने साथ रहने वाले पोते राहुल के नाम कर दी थी. यह बात उनके दूसरे पोतों निक्की और सागर को बुरी लगने लगी. उन्हें डर सताने लगा कि दादा बची हुई पूरी जमीन भी राहुल के नाम कर देंगे.

हुक्का पीते समय दादा पर हमला

जमीन के बंटवारे को लेकर गांव में पंचायत भी हुई, लेकिन विजयपाल वहां नहीं गए. इसके बाद 25 जून को दोनों पोतों ने अपने ही दादा की हत्या की खौफनाक साजिश रची. बुजुर्ग विजयपाल गांव में ही एक परिचित के घर बैठकर हुक्का पी रहे थे. तभी निक्की और सागर वहां पहुंचे और अपने दादा को गोलियां मार दीं. विजयपाल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े. इसके बाद आरोपियों ने उन पर चाकू से भी कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा

वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी पुलिस से बचने के लिए सीधे हरिद्वार भाग गए थे. मृतक के दूसरे पोते राहुल ने अपने भाई लोकेंद्र के साथ मिलकर सरूरपुर थाने में निक्की और सागर के खिलाफ शिकायत दी थी. इसके बाद 27 जून की शाम को जब दोनों आरोपी हरिद्वार से वापस लौट रहे थे, तो पुलिस ने घेराबंदी करके उन्हें दबोच लिया. पुलिस ने उनके पास से हत्या में इस्तेमाल तमंचा, कारतूस, चाकू और दो गाड़ियां बरामद की हैं.

मामले पर पुलिस का यह बयान

इस पूरी घटना को लेकर पुलिस अधिकारी ने बताया है, 'थाना सरूरपुर के कर्नावल इलाके से एक सूचना प्राप्त हुई कि एक बुजुर्ग व्यक्ति जिनका नाम विजयपाल है और उनकी उम्र 80-85 साल के बीच है. इनको दो अज्ञात लोगों द्वारा गोली मार दी गई है. तत्काल ही मौके पर पुलिस टीम पहुंची. मेरे द्वारा और सीओ द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया. एफएसएल टीम को भी बुलाया गया और बॉडी को पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भिजवाया जा रहा है. इसमें जितने भी कैमरे हैं आसपास के उस पर सर्विलांस की टीम को लगाया गया है और अन्य तीन टीमों का गठन इसके सफल अनावरण के लिए किया गया है. तहरीर प्राप्त कर थाना सरूरपुर पर मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है.'