Akhilesh Yadav Birthday: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन पर बधाई देने वालों की लिस्ट में विरोधी पार्ट के लोग भी शामिल हो गए हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर बीजेपी के कई दिग्गजों ने अखिलेश यादव को विश किया है. बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अखिलेश यादव को शुभकामनाओं भरा संदेश भेजा है. उन्होंने अपने आराध्य देव से अखिलेश यादव के लिए बहुत कुछ मांगा है, जिससे सियासत पूरी तरह से गर्म हो गई है.
ADVERTISEMENT
हनुमान जी से मांगी बड़ी कामयाबी
बृजभूषण शरण सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी है. उन्होंने लिखा है कि श्री हनुमान जी महाराज से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, सुख, समृद्धि तथा निरंतर यश और सफलता प्रदान करें. उन्होंने कामना की है कि अखिलेश यादव सदैव स्वस्थ, ऊर्जावान और जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ते रहें. बृजभूषण द्वारा अखिलेश के लिए सफलता की दुआ मांगने पर चर्चा इसलिए तेज है क्योंकि सपा का पूरा ध्यान साल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर टिका हुआ है.
पुराने बयानों से बढ़ा सियासी भूचाल
अखिलेश यादव और बृजभूषण शरण सिंह का यह रिश्ता पहली बार चर्चा में नहीं आया है. पिछले साल जब बीजेपी लगातार अखिलेश यादव को घेरने में लगी थी, तब बृजभूषण ने उन्हें 'यदुवंशी क्षत्रिय' बताया था. उन्होंने कहा था कि अखिलेश एक धार्मिक व्यक्ति हैं और वे धर्म के विरोधी कतई नहीं हैं. इसके अलावा जब बीजेपी विधायक अनुपमा जायसवाल पुतला जलाते समय झुलस गई थीं और अखिलेश उन्हें देखने अस्पताल पहुंचे थे, तब भी बृजभूषण ने उनकी जमकर तारीफ की थी और इसे अखिलेश का बड़प्पन बताया था.
अखिलेश यादव का वो बड़ा बयान
इन लगातार तारीफों के बाद जब कयास लगने शुरू हुए, तब मई के महीने में अखिलेश यादव ने कहा था कि राजनीति में कब क्या मोड़ आएगा यह वही बेहतर बता सकते हैं, लेकिन बहुत से लोग बीजेपी छोड़ रहे हैं. हालांकि, बृजभूषण शरण सिंह बीच-बीच में खुद को पक्का भाजपाई बताते रहे हैं. उनका कहना है कि वे अखिलेश को अपना छोटा भाई मानते हैं और इस जुड़ाव का सबसे बड़ा कारण 'नेताजी' मुलायम सिंह यादव हैं. दूसरी तरफ, अखिलेश के जन्मदिन पर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया, जहां एक बीमार महिला हाथ में कैनुला लगे होने के बावजूद ढोल-नगाड़ों के बीच उन्हें बधाई देने पहुंची थी.
ADVERTISEMENT









