Akhilesh Yadav Birthday: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के जन्मदिन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बधाई दी है. इस बधाई संदेश के बाद यूपी में सियासी हलचल तेज हो गई है. दोनों नेताओं के बीच हुई इस बातचीत से 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं. इन संदेशों को केवल बधाई के तौर पर नहीं, बल्कि एक बड़े राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.
ADVERTISEMENT
राहुल गांधी का अहम बधाई संदेश
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए एक बड़ा सियासी संदेश दिया. उन्होंने लिखा, 'जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई अखिलेश यादव जी. पीडीए, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग की हिस्सेदारी से सामाजिक न्याय का संकल्प हम मिलकर पूरा करेंगे. अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन के लिए शुभकामनाएं.' इस संदेश में अखिलेश यादव की मुख्य रणनीति 'पीडीए' का जिक्र भविष्य की मजबूत साझेदारी का इशारा माना जा रहा है.
अखिलेश ने दिया यह बड़ा जवाब
राहुल गांधी के बधाई संदेश का अखिलेश यादव ने आभार व्यक्त किया है . उन्होंने लिखा, 'जन्मदिन की बधाई देने के लिए राहुल गांधी को बहुत-बहुत धन्यवाद. सामाजिक न्याय का राज लाने में साथ निभाने वाले सब लोगों का स्वागत है. हमें अपनी एकता का संकल्प हर बार दोहराना है.' अखिलेश ने यह भी कहा कि पीडीए देश की 95 प्रतिशत शोषित और गरीब आबादी के हक का आंदोलन है, जो 5 प्रतिशत वर्चस्ववादियों के कारण पीढ़ियों से पीड़ित रहे हैं.
कांग्रेस नेताओं के बयानों से सवाल
इस बातचीत से पहले कांग्रेस के कुछ दिग्गज नेताओं के बयानों से गठबंधन के भविष्य पर कई सवाल उठे थे. कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने दावा किया था कि उनकी पार्टी यूपी की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. वहीं, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने 50-50 सीट शेयरिंग फॉर्मूले की बात कही थी.
2024 में दिखा पीडीए का असर
समाजवादी पार्टी लंबे समय से पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की रणनीति को धार देने में लगी हुई है. 2024 के लोकसभा चुनाव में इसका बड़ा असर दिखा, जब सपा ने यूपी में 37 सीटें जीतकर बीजेपी के पूर्ण बहुमत के सपने को तोड़ दिया था. विश्लेषकों का मानना है कि राहुल गांधी का पीडीए का जिक्र इसी रणनीति को और मजबूत करने का संकेत है. इससे पहले 19 जून को राहुल गांधी के जन्मदिन पर भी दोनों नेताओं ने संविधान और पीडीए के हक की रक्षा मिलकर करने की बात कही थी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी अखिलेश यादव को बधाई दी है.
अभी गठबंधन का औपचारिक ऐलान नहीं
इन सभी शुभकामना संदेशों को सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि विपक्षी एकता का एक बहुत मजबूत संकेत माना जा रहा है. हालांकि, इन चर्चाओं के बीच सच्चाई यह भी है कि 2027 के चुनाव के लिए अभी तक गठबंधन को लेकर कोई औपचारिक ऐलान नहीं हुआ है. फिलहाल सीट बंटवारे जैसे कई अहम मुद्दे अभी भी फंसे हुए हैं.
ADVERTISEMENT









