मेरठ की रैपिड रेल में मुस्लिम यात्रियों के बीच जानबूझकर लगाए गए वंदे मातरम के नारे? ये है वायरल वीडियो की पूरी कहानी

उस्मान चौधरी

24 Feb 2026 (अपडेटेड: 24 Feb 2026, 09:38 AM)

Meerut Namo Bharat Train Viral Video: मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन के अंदर नारेबाजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में यात्री भारत माता की जय और हर हर महादेव के नारे लगाते दिख रहे हैं जिसे लेकर इंटरनेट पर बहस छिड़ गई है.

Screen Grab From Viral Video

Screen Grab From Viral Video

Google CTA

Meerut Namo Bharat Train Viral Video: मेरठ मेट्रो और रैपिड रेल नमो भारत की शुरुआत के साथ ही पटरी पर रफ्तार के साथ-साथ चर्चाओं का बाजार भी गर्म हो गया है. सोशल मीडिया पर नमो भारत ट्रेन के अंदर का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें सफर के दौरान यात्रियों के बीच देशभक्ति नारेबाजी की जा रही है. हैरानी की बात ये है कि इस दौरान वीडियो में कुछ मुस्लिम युवक भी सवार थे. इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स के बीच जबरदस्त नाराजगी देखने को मिल रही है. कुछ का कहना है कि ऐसे नारे जानबूझकर परेशान करने के इरादे से लगाए जा रहे हैं. वहीं कुछ का कहना है कि इस तरह की हरकतें धर्म के नाम पर बांटने की कोशिश करते हैं. 

यह भी पढ़ें...

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन यात्रियों से खचाखच भरी हुई है. जैसे ही ट्रेन मेरठ के बेगमपुल स्टेशन के करीब पहुंचती है वैसे ही बोगी में सवार कुछ लोग जोश के साथ भारत माता की जय, जय हिंद और वंदे मातरम के नारे लगाने लगते हैं. फिर कहते हैं कि 'बेगम पुल आ गया'. इसके बाद स्टेशन आने पर कुछ यात्री 'थैंक्यू मोदी जी' कहते हुए आभार जताते हैं और ट्रेन से उतरते समय 'हर-हर महादेव' के जयकारे लगाते हैं. 

इस वीडियो के चर्चा में आने की असली वजह ट्रेन में सफर कर रहे कुछ मुस्लिम युवक हैं. सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं. कुछ यूजर्स का कहना है कि मुस्लिम यात्रियों को देखकर जानबूझकर नारेबाजी की गई ताकि उन्हें असहज किया जा सके.  वहीं एक दूसरा पक्ष यह तर्क दे रहा है कि जब पूरी बोगी में देशभक्ति के नारे लग रहे थे तब मुस्लिम युवक खामोश खड़े थे.

मेरठ मेट्रो के उद्घाटन के अगले ही दिन का है मामला

बताया जा रहा है कि यह वीडियो 23 फरवरी का है यानी मेरठ मेट्रो के उद्घाटन के ठीक एक दिन बाद का है. मालूम हो कि 22 फरवरी को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ मेट्रो का लोकार्पण किया था और बेगमपुल स्टेशन को आम जनता के लिए खोला गया था. उद्घाटन के उत्साह के बीच यात्रियों का यह जोश अब विवाद और चर्चा का केंद्र बन गया है. हालांकि इस वीडियो को लेकर अभी तक नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NCRTC) या किसी प्रशासनिक अधिकारी का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. वीडियो में दिख रहे यात्रियों की पहचान और नारेबाजी के पीछे की असली मंशा अभी भी स्पष्ट नहीं है. लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है.