वृंदावन नाव हादसा: कहां है यश भल्ला जो यमुना में डूबने से पहले भजन करते दिखा था?

वृंदावन नाव हादसे में लापता यश भल्ला की तलाश जारी है. सोशल मीडिया पर भजन गाते हुए उसका आखिरी वीडियो वायरल. प्रशासन की लापरवाही पर परिजनों का फूटा गुस्सा.

यूपी तक

• 12:50 PM • 12 Apr 2026

follow google news

मथुरा के वृंदावन में हुए भीषण नाव हादसे के बाद अब तक कई जिंदगियां काल के गाल में समा चुकी हैं. इस हादसे की सबसे मार्मिक तस्वीर लापता युवक यश भल्ला के रूप में सामने आई है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यश को भक्ति भाव से भजन गाते हुए देखा जा सकता है, लेकिन विडंबना देखिए कि वही भजन उसकी आखिरी आवाज बनकर रह गए.

यह भी पढ़ें...

आखिरी वीडियो में गा रहा था भजन, अब लापता

हादसे का शिकार हुए लापता युवक यश भल्ला के पिता की आंखों के आंसू नहीं थम रहे हैं. उन्होंने बताया कि यश बड़े उत्साह के साथ वृंदावन दर्शन के लिए आया था. वीडियो में वह जिस नाव पर सवार होकर झूम रहा था, वही नाव कुछ ही देर बाद अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे के बाद से ही यश का कहीं पता नहीं चला है और परिवार उसकी तलाश में दर-दर की ठोकरें खा रहा है.

प्रशासन की लापरवाही ने छीनीं खुशियां?

मौके पर मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. आरोप है कि नाविक बिना किसी लाइफ जैकेट के क्षमता से अधिक सवारी करवा रहा था.स्थानीय लोगों का कहना है कि जब हादसा हुआ, तो प्रशासनिक मदद समय पर नहीं पहुंची. प्रशासन के आने से पहले स्थानीय लोग खुद ही रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गए थे. लोगों का आक्रोश इस बात पर है कि पीपा पुल जैसे संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं थे.

भविष्य के लिए कड़े सबक की जरूरत

इस दुखद घटना ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है. पीड़ित परिवारों और आम जनता की मांग है कि नाव संचालन के लिए सख्त नियम बनाए जाएं और लाइफ जैकेट अनिवार्य की जाए. धार्मिक स्थलों पर रेस्क्यू टीमों की तैनाती सुनिश्चित की जाए. नियमों का उल्लंघन करने वाले नाविकों और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो.