Mathura News: नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल द्वारा नगर निगम की कार्यशैली के विरोध में 18 जून को प्रस्तावित होली गेट से नगर निगम कार्यालय तक के प्रदर्शन को फिलहाल 15 दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है. प्रदर्शन से पहले नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों और व्यापार मंडल पदाधिकारियों के बीच हुई लंबी वार्ता में निगम प्रशासन ने व्यापारियों की 13 सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उन्हें निर्धारित समय में पूरा करने का आश्वासन दिया.
ADVERTISEMENT
नगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल और महामंत्री शशिभानु गर्ग ने बताया कि नगर निगम की ओर से नगर आयुक्त की पहल पर हुई बातचीत के दौरान सभी मांगों पर विचार किया गया. अधिकारियों ने 15 दिन के भीतर समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया तथा इसके बाद व्यापारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित करने की भी बात कही.
व्यापार मंडल के अनुसार मांगों में सड़क निर्माण के नाम पर पूरे शहर की एक साथ खुदाई रोकना, पूर्व में बनी सड़कों के किनारे फुटपाथ एवं नालियों का निर्माण, विस्थापित परिवारों और दुकानदारों का पुनर्वास, कोतवाली रोड स्थित पालिका की किरायेदार दुकानों का नामांतरण, सचल दल के नाम पर व्यापारियों के कथित उत्पीड़न पर रोक, मुख्य मार्गों से दूरसंचार निगम और विद्युत विभाग के खंभे एवं ट्रांसफार्मर हटाना, प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में सड़क निर्माण, भैंस बहोरा नाले का निर्माण तथा तालाबघर हटाने सहित अन्य समस्याओं का समाधान शामिल है.
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि 15 दिन के भीतर मांगों का समाधान नहीं हुआ तो नगर निगम के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा. वार्ता के दौरान नगर उपाध्यक्ष गुरमुख दास, संयुक्त महामंत्री श्रीभगवान चतुर्वेदी, वरिष्ठ मंत्री विकास जिंदल, कोषाध्यक्ष मीना लाल अग्रवाल, मीडिया प्रभारी जगत बहादुर अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT










