Mathura Crime News: गोवर्धन पुलिस ने अधिकमास मेले में नकली नोट खपाने की कोशिश कर रहे एक शातिर युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2500 रुपये के जाली नोट और 5610 रुपये की असली नकदी बरामद की है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है, जबकि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
ADVERTISEMENT
प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम मंगलवार को बिछुआ कुंड के पास नए टिर्री परिक्रमा मार्ग पर चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर अलीगढ़ जनपद के थाना इगलास क्षेत्र के गांव नंगला हीरा निवासी सौरभ पुत्र चन्द्रपाल सिंह को गिरफ्तार किया गया.
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने योगेश नामक व्यक्ति से 2500 रुपये असली देकर 5000 रुपये के नकली नोट लिए थे. योगेश को यह नकली नोट अजीत नामक व्यक्ति के माध्यम से मिले थे, जबकि नकली नोटों की आपूर्ति अजीत का साला मुकेश करता था. आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पहले भी 500 रुपये के पांच नकली नोट बाजार में चला चुका है और अधिकमास मेले की भीड़ का फायदा उठाकर शेष नोट खपाने गोवर्धन आया था.
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 500-500 रुपये के पांच नकली नोट तथा 5610 रुपये की असली नकदी बरामद हुई. मामले में थाना गोवर्धन पर रिपोर्ट दर्ज की गई है. पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है.
ADVERTISEMENT










