Mathura Police Encounter: मथुरा के थाना फरह इलाके में पुलिस और एंटी रिवार्डिड (स्वाट/क्राइम ब्रांच) टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए, ट्रांसफॉर्मर और बिजली के तार चोरी करने वाले कई इनामी बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. मुठभेड़ में अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार रात्रि में परखम गौशाला के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई. इसी दौरान थाना फरह से वांछित एवं 15 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त श्याम सिंह पुत्र पोहप सिंह उर्फ कोक सिंह निवासी कुथियाना, थाना अम्बाह, जिला मुरैना (मध्य प्रदेश) मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया.
पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी. जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा और गिरफ्तारी के उद्देश्य से कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लग गई. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, एक तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं.
पुलिस के मुताबिक, श्याम सिंह थाना फरह में दर्ज विद्युत तार चोरी और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामलों में वांछित था. उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था. पुलिस पर फायरिंग और बरामदगी के संबंध में नया मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अभियुक्त के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है.
ADVERTISEMENT










