मथुरा के कोसीकलां में प्रसिद्ध गौरक्षक संत चंद्रशेखर उर्फ 'फरसा वाले बाबा' की कथित तौर पर गौतस्करों द्वारा गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई है. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव है. आक्रोशित गौरक्षकों ने दिल्ली-आगरा हाईवे पर जाम लगा दिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
ADVERTISEMENT
बताया जा रहा है कि तड़के करीब चार बजे बाबा को इलाके में गौतस्करों की सक्रियता की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही वे अपनी मोटरसाइकिल से संदिग्धों का पीछा करने निकल पड़े. नवीपुर गांव के पास जब उन्होंने गौतस्करों को रुकने का इशारा किया, तो तस्करों ने रुकने के बजाय उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और उन्हें कुचलते हुए निकल गए. इस हमले में संत चंद्रशेखर की मौके पर ही मौत हो गई.
सीएम योगी ने लिया वारदात का संज्ञान
जैसे ही गौरक्षक संत की हत्या की खबर फैली, सैकड़ों की संख्या में गौरक्षक और स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए. आक्रोशित भीड़ ने छाता क्षेत्र में दिल्ली-आगरा हाईवे को जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया. इस गंभीर मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया है. सीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और किसी भी दोषी को बख्शा न जाए.
एक आरोपी दबोचा, तीन मौके से फरार
वारदात के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने सक्रियता दिखाते हुए भाग रहे एक आरोपी मुस्लिम युवक को पकड़ लिया. हालांकि, अंधेरे और अफरा-तफरी का लाभ उठाकर तीन अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे. पकड़े गए युवक से पुलिस पूछताछ कर रही है, जिससे फरार हत्यारों के सुराग मिलने की उम्मीद है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह हत्या पूरी तरह सुनियोजित थी और गौतस्करों ने जानबूझकर संत को निशाना बनाया.
गौरक्षकों की मांग है कि फरार आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच हो. मौके पर पहुंची छाता पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने और दिल्ली-आगरा हाईवे से जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है. पुलिस बल की भारी तैनाती के बीच स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश जारी है.
ADVERTISEMENT









