'रिश्वत दे दो, पता होने पर भी गायब बच्चे को नहीं खोजूंगा...,' लखनऊ के एक दरोगा का शर्मनाक घूस कांड

यूपी तक

• 01:27 PM • 10 Jul 2026

Lucknow Police: लखनऊ के रहीमाबाद थाने में तैनात दरोगा गुड्डू प्रसाद का रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया है. वीडियो में दरोगा कथित तौर पर केस में राहत देने के बदले ₹1.5 लाख की मांग करते दिखाई दे रहे हैं.

Google CTA

Lucknow Police: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद थाने से पुलिस महकमे को हैरान करने वाला एक मामला सामने आया है. यहाँ तैनात सब-इंस्पेक्टर गुड्डू प्रसाद का सोशल मीडिया पर एक वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वे एक मुकदमे की जांच में राहत देने के बदले पीड़ित परिवार से खुलेआम ₹1.5 लाख की मोटी रिश्वत मांगते हुए दिखाई दे रहे हैं. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लखनऊ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. आरोपी दरोगा गुड्डू प्रसाद को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया है और पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं.

यह भी देखें...

खुलेआम मांगी डेढ़ लाख की रिश्वत

वायरल वीडियो में सब-इंस्पेक्टर गुड्डू प्रसाद पीड़ित पक्ष से ₹1.5 लाख यानी '150' की मांग पर अड़े हुए दिखाई दे रहे हैं. पीड़ित द्वारा रकम थोड़ी कम करने की गुहार लगाने पर भी दरोगा साहब साफ कह रहे हैं कि इससे कम बिल्कुल नहीं किया जाएगा. वीडियो में दरोगा यह भी कहते सुने जा रहे हैं कि रिश्वत मिलने के बाद वे गुमशुदा बच्चे का पता होने के बावजूद उसे खोजने की कोई कोशिश नहीं करेंगे. वीडियो में आगे दरोगा साहब कह रहे हैं कि बस बच्चे की गुमशुदगी का बयान लेकर केस को जारी रखेंगे और अपनी तरफ से उसे ढूंढने नहीं जाएंगे.

पीड़ित परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

इस मामले में पीड़ित विष्णु कुमार ने संयुक्त पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर दरोगा की सभी करतूतों का खुलासा किया है. आरोप के मुताबिक, बीती 17 मई को दरोगा पीड़ित के बेटे शांतनु द्विवेदी को घर से जबरन उठा ले गया था और थाने में उसके साथ मारपीट की थी. बाद में ₹25,000 वसूलने के बाद ही बेटे को छोड़ा गया था. इसके बाद भी दरोगा पहले ₹2 लाख और फिर ₹1.5 लाख देने का दबाव बना रहा था. दरोगा अक्सर रात में पीड़ित के घर जाकर दरवाजा पीटता था और महिलाओं से अभद्रता कर पूरे परिवार को जेल भेजने की धमकी देता था.

लखनऊ पुलिस ने किया तुरंत सस्पेंड

शिकायतकर्ता विष्णु कुमार का कहना है कि उन्होंने दरोगा की इस वसूली को लेकर पहले भ्रष्टाचार निवारण इकाई और कंट्रोल रूम में भी शिकायत की थी. लेकिन समय पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपी दरोगा के हौसले और बढ़ गए. आखिरकार परेशान होकर पीड़ित परिवार ने दरोगा की बदतमीजी का वीडियो और धमकी भरा ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए लखनऊ पुलिस ने सब-इंस्पेक्टर गुड्डू प्रसाद को तुरंत सस्पेंड कर दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.