Love story of Nilesh Kumar and Anamika: लखनऊ के अलीगंज में 22 जून को लगी भीषण आग ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है. इस हादसे में जान गंवाने वाले 15 लोगों में से हर एक की कहानी दिल को चीर देने वाली है. लेकिन इनमें से एक ऐसी प्रेम कहानी भी थी जिसका अंत हर किसी को इमोशनल कर देगा. यह कहानी है 27 साल के नीलेश कुमार और 30 साल की अनामिका सामंत की जो कुछ ही महीनों में शादी के बंधन में बंधने वाले थे. जिस घर में इस वक्त शादी की शहनाइयां गूंजने की तैयारी हो रही थी वहां आज सिर्फ सन्नाटा और चीखें हैं. इसी बीच अनामिका की एक इमोशनल कर देने वाली तस्वीर सामने आई है जिसमें नीलेश की मां अपनी होने वाली बहू को प्यार से शगुन देती नजर आ रही हैं. किसे पता था कि शगुन की यह खुशियां इतनी जल्दी मातम में बदल जाएंगी.
ADVERTISEMENT
साथ काम करते-करते नीलेश-अनामिका को हुआ था प्यार
नीलेश कुमार और अनामिका सामंत अलीगंज के उसी एनिमेशन और गेमिंग सेंटर में एक साथ काम करते थे जहां यह भीषण आग लगी थी. दफ्तर में साथ काम करते हुए दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता अटूट प्यार में बदल गया. दोनों ने अपने इस रिश्ते को नया नाम देने का फैसला किया जिसे दोनों के परिवारों ने भी बेहद खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया था.
नीलेश के परिजनों ने बताया कि अभी महज कुछ दिन पहले ही अनामिका के माता-पिता पश्चिम बंगाल से लखनऊ आए थे. दोनों परिवारों की आपस में बहुत भावुक मुलाकात हुई थी और शादी को लेकर शुरुआती रस्में भी पूरी कर ली गई थीं. लेकिन आज वही परिवार अपनी बच्चों की मौत पर आंसू बहा रहा है.
शादी की डेट तय करने बंगाल जाने वाली थी नीलेश की फैमिली
परिजनों के मुताबिक, शादी की तारीख पक्की करने और आगे की रस्मों के लिए अगले ही सप्ताह नीलेश के पूरे परिवार को अनामिका के घर पश्चिम बंगाल जाना था. इसके लिए ट्रेन के टिकट भी बुक कराए जा चुके थे. लेकिन सोमवार की उस काली शाम ने एक झटके में सबकुछ उजाड़ कर रख दिया.
'प्रमोशन के बाद नए घर में लाऊंगा दुल्हन'
नीलेश सिर्फ अपने करियर को लेकर गंभीर नहीं थे बल्कि वे अपने माता-पिता के सपनों के आशियाने को भी संवार रहे थे. नीलेश के रिश्तेदार समरेंद्र ने रोते हुए उनकी वो बातें याद कीं जो अब कभी पूरी नहीं होंगी. नीलेश अक्सर कहता था कि 'इस साल मेरा प्रमोशन और सैलरी हाइक होने वाली है.मैं आर्थिक रूप से और मजबूत होना चाहता हूं. अभी जो हमारा नया घर बन रहा है, मैं उसमें शिफ्ट होने के बाद ही धूमधाम से शादी करूंगा और अगले साल अनामिका को दुल्हन बनाकर नए घर में लाऊंगा.'
इसी वादे के साथ दोनों ने अपनी शादी को अगले साल तक के लिए टाला था. दोनों एक साथ भविष्य के सपने बुन रहे थे और हादसे के वक्त भी एक साथ ही काम कर रहे थे. लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और दोनों इस दुनिया से भी एक साथ ही विदा हो गए.
ADVERTISEMENT










