Lucknow Fire: दीवार में किए 2 बड़े छेद... इस तरह अंदर पहुंची थी टीम, आग लगने के बाद दरवाजा हो गया था लॉक

लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड में 15 लोगों की मौत के बाद सामने आया कि इमारत के अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए एसडीआरएफ को दीवार में दो बड़े छेद करने पड़े.

UP Tak

यूपी तक

• 01:41 PM • 23 Jun 2026

follow google news

Lucknow Fire: लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में लगी भीषण आग के बाद बचाव दल को इमारत के अंदर पहुंचने के लिए ऐसा कदम उठाना पड़ा, जो इस हादसे की भयावहता को बयां करता है. आग और धुएं ने इमारत को इस तरह अपनी चपेट में ले लिया था कि एसडीआरएफ की टीम को अंदर घुसने के लिए दीवार में दो बड़े छेद करने पड़े.

यह भी पढ़ें...

सोमवार को हुए इस दर्दनाक हादसे में 15 लोगों की जान चली गई. कई अन्य लोग घायल हुए हैं. आग लगने के बाद इमारत में फंसे लोगों तक पहुंचना राहत टीमों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया था.

दीवार तोड़कर बनाया गया रास्ता

वीडियो में देखा जा सकता है कि एसडीआरएफ की टीम ने अंदर जाने के लिए दीवार में 2 बड़े छेद किए थे. आग के बाद इमारत के भीतर धुआं और मलबा इतना ज्यादा था कि सामान्य रास्तों से अंदर पहुंचना मुश्किल हो गया था. ऐसे में बचाव दल ने दीवार तोड़कर रास्ता बनाया और अंदर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया.

हादसे के बाद मौके पर पूरी रात राहत और जांच का काम चलता रहा. पुलिस, फायर विभाग और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की तैयारी शुरू कर दी है.

अब जांच के घेरे में पूरा सिस्टम

हादसे के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया है. एडीजी लखनऊ जोन प्रवीण कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर टीम बनाई गई है और घटना के हर पहलू की जांच की जाएगी. उन्होंने कहा कि सभी विभागों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और जल्द रिपोर्ट सौंपी जाएगी.

इमारत सील, आम लोगों की एंट्री पर रोक

लखनऊ पुलिस ने उस इमारत को सील कर दिया है, जहां आग लगी थी. जांच पूरी होने तक आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है ताकि साक्ष्यों से किसी तरह की छेड़छाड़ न हो.

4 आरोपी गिरफ्तार, चार अधिकारी सस्पेंड

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और उत्तर प्रदेश फायर सर्विस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है. छह नामजद आरोपियों और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. गिरफ्तार किए गए लोगों में शामिल हैं:

  • वीरेंद्र शुक्ला (बिल्डिंग मालिक)
  • तुषांक कृष्णा जैसवाल (एनिमेशन ट्रेनिंग स्टूडियो के फाउंडर)
  • रामकृष्ण उपाध्याय (एनिमेशन स्टूडियो मैनेजर)
  • सुरेश कुमार शाहु

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. इनमें बिजली विभाग, फायर विभाग और लखनऊ विकास प्राधिकरण के अधिकारी शामिल हैं.

क्या है पूरा मामला?

अलीगंज के पुरनिया इलाके में स्थित एक व्यावसायिक इमारत में सोमवार को भीषण आग लग गई थी. इमारत में कोचिंग और प्रशिक्षण से जुड़ी गतिविधियां संचालित होने की बात सामने आई है. आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग अंदर फंस गए. बचाव अभियान चलाकर लोगों को निकालने की कोशिश की गई, लेकिन 15 लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी. अब एसआईटी, फोरेंसिक और अन्य एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आग कैसे लगी और इस हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है.