'मैंने मुंह में कपड़ा ठूंसा, प्रेमी ने गला दबाया', लखनऊ में 15 साल बड़े पति को मारने वाली पत्नी का कबूलनामा

अंकित मिश्रा

• 06:59 PM • 23 Nov 2026

लखनऊ के जानकीपुरम में दीपक कश्यप की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी ज्योति को गिरफ्तार किया है. पुलिस का दावा है कि ज्योति ने प्रेमी मनोज के साथ मिलकर ईंट से वार कर पति की हत्या की. पूछताछ में उसने पति पर कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं. दूसरा आरोपी मनोज अभी फरार है.

UP Tak
Google CTA

लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में दीपक कश्यप की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी 25 वर्षीय पत्नी ज्योति कश्यप को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, ज्योति ने अपने प्रेमी मनोज के साथ मिलकर पति दीपक कश्यप की हत्या की थी. वारदात में इस्तेमाल की गई ईंट भी बरामद कर ली गई है. हत्या का दूसरा आरोपी मनोज अभी फरार है. पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है.

यह भी पढ़ें...

दीपक का शव 17 नवंबर 2026 को जानकीपुरम थाना क्षेत्र में मिला था. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी ज्योति और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की मदद से आरोपियों की पहचान की.

डीसीपी नॉर्थ अमित कुमार आनंद के मुताबिक, 35 वर्षीय दीपक सीतापुर के महमूदाबाद का रहने वाला था. साल 2023 में उसकी शादी ज्योति से हुई थी. दीपक की दूसरी और ज्योति की तीसरी शादी थी. ज्योति की पहली शादी से छह साल की बेटी है, जबकि दीपक की पहली शादी से तीन बच्चे हैं.

स्कूल में नौकरी मिलने के बाद किराए पर रहने लगे थे दोनों

शादी के बाद दीपक और ज्योति गुडंबा में ज्योति के माता-पिता के साथ रहते थे. करीब डेढ़ साल पहले दोनों को अलीगंज स्थित सीएमएस स्कूल में नौकरी मिल गई. दीपक वहां ड्राइवर और ज्योति आया के तौर पर काम करने लगी. इसके बाद दोनों स्कूल के पास किराए के कमरे में रहने लगे. उनके बच्चे ज्योति के माता-पिता के पास ही रहते थे.

पुलिस पूछताछ में ज्योति ने आरोप लगाया कि नई जगह आने के बाद दीपक उसके साथ मारपीट करने लगा था. वह शराब पीकर उसे भी शराब पीने के लिए मजबूर करता था. ज्योति ने अप्राकृतिक संबंध बनाने का दबाव डालने का भी आरोप लगाया है.

पति के दोस्त से बढ़ी नजदीकी

पुलिस के मुताबिक, करीब एक साल पहले दीपक अपने दोस्त मनोज को शराब पीने के लिए घर लेकर आया था. इसी दौरान ज्योति और मनोज के बीच नजदीकियां बढ़ गईं. दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए. दीपक को इस रिश्ते पर आपत्ति थी, लेकिन इसके बावजूद ज्योति और मनोज का संपर्क बना रहा.

ज्योति ने पूछताछ में बताया कि उसने अपनी परेशानियां मनोज को भी बताई थीं. हालांकि, बदनामी के डर से उसने तलाक लेने का फैसला नहीं किया.

पुलिस के अनुसार, करीब एक महीने पहले ज्योति की छह साल की बेटी अपने नाना-नानी का घर छोड़कर चली गई थी. इस संबंध में जानकीपुरम थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था. इसके बाद ज्योति के माता-पिता ने उससे कहा कि वह अपने बच्चों को अपने साथ रखे, क्योंकि वे अब उनकी देखभाल नहीं कर पाएंगे. इसके बाद दीपक के दो बच्चे और ज्योति की बेटी भी उनके साथ रहने लगे.

बेटी को अश्लील वीडियो दिखाने का लगाया आरोप

ज्योति ने पुलिस को बताया कि करीब 15 दिन पहले उसने दीपक को अपनी छह साल की बेटी को अश्लील वीडियो दिखाते और गलत तरीके से छूते हुए देखा था. उसने दीपक पर बेटी के साथ गलत हरकत करने का गंभीर आरोप लगाया. ज्योति के मुताबिक, इस घटना के बाद उसने मनोज के साथ मिलकर दीपक की हत्या की योजना बनाई.

डॉक्टर के पास जाने का बहाना बनाकर प्रेमी को बुलाया

डीसीपी के मुताबिक, 16 नवंबर 2026 की रात दीपक ने शराब पी रखी थी. वह ज्योति पर भी शराब पीने का दबाव बना रहा था, लेकिन उसने मना कर दिया. देर रात ज्योति ने तबीयत खराब होने और डॉक्टर के पास जाने की बात कही. इसके बाद उसने फोन करके मनोज को बुला लिया.

मनोज बाइक लेकर पहुंचा. इसके बाद दीपक, ज्योति और मनोज एक ही बाइक से निकल गए. तीनों ओरो सिटी के पास पहुंचे तो ज्योति ने तबीयत खराब होने और उल्टी आने की बात कहकर बाइक रुकवा दी. वह नीचे उतर गई. इस दौरान दीपक और मनोज आपस में बात करने लगे.

पुलिस के मुताबिक, इसी मौके का फायदा उठाकर ज्योति ने ईंट से दीपक के सिर पर पीछे से वार कर दिया. चोट लगने से दीपक बेहोश होकर जमीन पर गिर गया. इसके बाद ज्योति ने बाइक पर रखे कपड़े को उसके मुंह में ठूंस दिया. मनोज ने उसका गला दबाया. दोनों ने मिलकर दीपक की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए.

सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से खुला मामला

हत्या की जांच के लिए जानकीपुरम पुलिस के साथ डीसीपी नॉर्थ की स्वाट और सर्विलांस टीम को लगाया गया था. टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. मोबाइल लोकेशन समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ज्योति और मनोज की पहचान की गई.

संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए छुईयापुरवा ठेके के पास सड़क किनारे एक पेड़ के पीछे से ज्योति कश्यप को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल ईंट भी बरामद की है. फिलहाल मनोज फरार है. पुलिस का कहना है कि उसे गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.