लखनऊ के समरीन हत्याकांड के आरोपी अवनीश जायसवाल ने जेल में की आत्महत्या, बाथरूम में मिला शव

अंकित मिश्रा

• 01:40 PM • 19 Nov 2026

लखनऊ में 24 वर्षीय समरीन की मौत के मामले में आरोपी अवनीश जायसवाल की जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. गुरुवार को उसका शव जेल के बाथरूम में तौलिए के फंदे से लटका मिला. समरीन की होटल की दसवीं मंजिल से गिरकर मौत हुई थी और उसके परिवार ने अवनीश पर हत्या का आरोप लगाया था. जानिए क्या था पूरा मामला.

Samreen Death Case

Samreen Death Case

Google CTA

लखनऊ के 24 वर्षीय समरीन की मौत के मामले में आरोपी अवनीश जायसवाल उर्फ देव ने जेल में आत्महत्या कर ली है. गुरुवार को उसका शव जेल के बाथरूम में तौलिए के फंदे से लटका मिला. घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया. जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

अवनीश जायसवाल लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके के एक होटल की दसवीं मंजिल से गिरकर हुई समरीन की मौत के मामले में आरोपी था. इस घटना के बाद समरीन के परिवार ने अवनीश पर हत्या का आरोप लगाया था. पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज किया था. अवनीश घटना के बाद फरार हो गया था, लेकिन बाद में उसने अदालत में सरेंडर कर दिया था. इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था.

जेल के बाथरूम में मिला अवनीश का शव

गुरुवार को जेल के बाथरूम में अवनीश का शव मिलने की सूचना अधिकारियों को दी गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसने तौलिए का फंदा बनाकर आत्महत्या की. सूचना मिलने पर जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जेल प्रशासन और पुलिस की ओर से घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

फिलहाल स्पष्ट नहीं हुआ है कि अवनीश ने आत्महत्या क्यों की. उसकी मौत से जुड़े हालात और जेल में हुई घटनाओं की जांच के बाद ही इसकी वजह सामने आ सकेगी.

क्या था समरीन की मौत का पूरा मामला?

घटना अक्टूबर 2026 की है. लखनऊ के ओमेक्स न्यू हजरतगंज परिसर स्थित होटल सेलेस्टियल मैन्योर की दसवीं मंजिल से गिरकर 24 वर्षीय समरीन की मौत हो गई थी. समरीन चौक थाना क्षेत्र की रहने वाली थी. 12 अक्टूबर को सुल्तानपुर निवासी अवनीश जायसवाल के साथ होटल पहुंची थी. दोनों होटल के कमरा नंबर 1037 में ठहरे थे.

पुलिस के मुताबिक, समरीन दोपहर करीब 11:46 बजे अवनीश के साथ होटल पहुंची थी. शाम करीब 6 बजे वह दसवीं मंजिल से नीचे गिर गई. होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज ने शाम करीब 6:34 बजे पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और समरीन को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. 

परिवार ने अवनीश पर लगाया था हत्या का आरोप

समरीन की मौत के बाद उसके परिवार ने इसे हादसा मानने से इनकार किया था. परिजनों ने आरोप लगाया था कि अवनीश ने समरीन को होटल में रोका हुआ था और उसे वहां से जाने नहीं दे रहा था. परिवार का दावा था कि अवनीश समरीन पर शादी करने का दबाव बना रहा था.

समरीन की मां ने आरोप लगाया था कि शादी से इनकार करने पर अवनीश ने उनकी बेटी की हत्या की. परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अवनीश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था.

ये भी पढ़ें- आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से राहत, ED की मांग के बावजूद हाईकोर्ट के जमानत आदेश में दखल देने से इनकार