गोरखपुर में अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा, बुलडोजर की चपेट में आने से BJP नेता के 14 साल के बेटे की मौत

अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा के दौरान गोरखपुर में 14 साल के छात्र की दर्दनाक मौत से हड़कंप मच गया. पिता ने जेसीबी पर गंभीर आरोप लगाए, भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया, वहीं अखिलेश यादव ने क्या सफाई दी?

Gorakhpur accident during Akhilesh PDA Rath Yatra

Gorakhpur accident during Akhilesh PDA Rath Yatra

Google CTA

गोरखपुर में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 14 साल के छात्र आर्यवर्धन सिंह श्रीनेत की मौत हो गई. मृतक के पिता और स्थानीय भाजपा नेता ओंकार सिंह श्रीनेत के आरोपों के मुताबिक, बुधवार दोपहर रैली में शामिल एक जेसीबी की टक्कर लगने से उनके बेटे की जान गई. इस घटना के बाद परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया और अखिलेश यादव समेत आयोजकों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की. मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर 6 नामजद और 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. वहीं अखिलेश यादव ने घटना की जानकारी न होने की बात कहते हुए प्रशासन पर इंतजाम न करने और भाजपा पर झूठे मुकदमों में फंसाने के आरोप लगाए हैं.

यह भी पढ़ें...

कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?

गोरखपुर के कूड़ाघाट का रहने वाला मृतक आर्यवर्धन केंद्रीय विद्यालय में 10वीं कक्षा का छात्र था. परिजनों के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 2 बजे जब अखिलेश यादव का काफिला इलाके से गुजर रहा था, उसी समय आर्यवर्धन अपनी बहन को लेने उसके स्कूल जा रहा था. सड़क पार कर वह डिवाइडर तक पहुंच गया था  तभी पीछे से आ रहे एक जेसीबी ने उसे टक्कर मार दी.

पिता ने लगाया हत्या का आरोप

मृतक के पिता ओंकार सिंह श्रीनेत भाजपा महानगर के चुनाव आयोग संपर्क विभाग के जिला सहसंयोजक हैं. उनका आरोप है कि रैली में फूल बरसाने के लिए शामिल तेज रफ्तार बुलडोजर ने अखिलेश यादव का काफिला आगे निकलने के बाद उनके बेटे को पीछे से टक्कर मार दी. इस दौरान वह सड़क के डिवाइडर से जा टकराया और उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई.

पिता का कहना है कि बच्चे के सड़क पार कर डिवाइडर तक पहुंचने के बावजूद टक्कर लगना इस बात की पुष्टि करता है कि उसकी हत्या की गई है. इस घटना से आक्रोशित परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने गोरखपुर की झारखंडी कॉलोनी के सामने चक्काजाम कर दिया और अखिलेश यादव समेत पूरे आयोजक मंडल पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग की.

पुलिस की कार्रवाई और अखिलेश यादव का रिएक्शन

मामले में कार्रवाई करते हुए गोरखपुर की एम्स पुलिस ने मृतक किशोर के पिता ओंकार सिंह श्रीनेत की तहरीर के आधार पर 6 नामजद और 50 से 60 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. 

वहीं खुद पर मुकदमा दर्ज करने की मांग से जुड़े सवाल पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है. इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की तरफ से कोई इंतजाम नहीं किए गए थे और भाजपा वालों से सावधान रहने की जरूरत है क्योंकि वे किसी को भी झूठे मुकदमे में फंसा देते हैं.

ये भी पढ़ें: यूपी में 6 महीने के लिए टले पंचायत चुनाव, ओबीसी कमीशन की रिपोर्ट के बाद होगा इलेक्शन