उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा के दौरान एक शख्स ने सबका ध्यान खींचा. सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के बीच ये व्यक्ति घोड़े पर सवार होकर चल रहा था. उसके एक हाथ में लैपटॉप भी था. घोड़े पर सवार इस शख्स की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में आईं. अखिलेश यादव की टीम ने भी तस्वीर अपने सोशल मीडिया पेज पर शेयर की.
ADVERTISEMENT
आखिर घोड़े पर सवार होकर रथ यात्रा में शामिल होने वाला व्यक्ति कौन है? उसके हाथ में लैपटॉप क्यों था और अखिलेश को इससे क्या संदेश देना चाहता था? इस शख्स का नाम धीरेंद्र यादव है. गोरखपुर के रहने वाले हैं और पेशे से वकील हैं. धीरेंद्र के परिवार की पहचान पहलवानी से भी जुड़ी है. उनके घर पर दो घोड़े हैं, जिनमें एक की कीमत पांच लाख रुपये बताई गई है.
धीरेंद्र यादव ने UP Tak से बातचीत में बताया कि वह अखिलेश यादव की ओर से मिले लैपटॉप को पिछले करीब 10 साल से संभालकर रखे हुए हैं. इसे सिर्फ एक इलेक्ट्रॉनिक सामान नहीं, बल्कि अपनी पढ़ाई और उस दौर की याद के तौर पर देखते हैं, जब उन्हें यह लैपटॉप मिला था.
10 साल बाद भी क्यों संभालकर रखा है अखिलेश यादव का दिया लैपटॉप?
धीरेंद्र यादव ने बताया कि उन्हें अखिलेश यादव की सरकार के दौरान लैपटॉप मिला था. उस समय वह खुद लैपटॉप लेने के लिए पहुंचे थे, लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हाथों से इसे लेने का मौका नहीं मिल पाया. उनके मन में आज भी इस बात की कसक है. उन्होंने तय किया कि जब भी अखिलेश यादव से मुलाकात होगी, अपना लैपटॉप साथ लेकर जाएंगे और उनके साथ एक तस्वीर जरूर खिंचवाएंगे.
धीरेंद्र के मुताबिक, करीब 10 साल पुराना होने के बावजूद उनका लैपटॉप अब भी ठीक से काम कर रहा है. उन्होंने इसे संभालकर रखा है और आगे आने वाली पीढ़ी को भी दिखाना चाहते हैं. उनका कहना है कि बच्चों को बताएंगे कि एक समय उत्तर प्रदेश में ऐसे मुख्यमंत्री भी रहे, जिन्होंने गरीब और बेरोजगार युवाओं को लैपटॉप दिए थे.
बताया कि लैपटॉप मिलने के बाद उनकी पढ़ाई में काफी मदद मिली. इसी की मदद से उन्होंने वकालत की पढ़ाई पूरी की. विश्वविद्यालय में होने वाले प्रेजेंटेशन तैयार किए और आज भी अपने केस से जुड़ा काम इसी लैपटॉप पर करते हैं.
घर में दो घोड़े और एक का नाम राजा
धीरेंद्र यादव का परिवार सिर्फ वकालत या कारोबार से नहीं, बल्कि पहलवानी से भी जुड़ा है. बातचीत में उन्होंने बताया कि उनके परिवार में कई लोग कुश्ती के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुके हैं. उनके स्वर्गीय दादा माता बदल यादव अपने समय के अच्छे पहलवान थे. उनके पिता केसरी रहे, जबकि बड़े पिता को देवरिया केसरी के नाम से जाना जाता था.
धीरेंद्र के चाचा को भी घोड़ों का शौक है और वह अपने वजन वर्ग में नेशनल चैंपियन रह चुके हैं. उनका छोटा भाई भी कुश्ती करता है. धीरेंद्र के मुताबिक, हाल ही में उनके भाई ने 97 किलोग्राम भार वर्ग में गोरखपुर में पहला स्थान हासिल किया है.
उनके घर पर दो घोड़े हैं. धीरेंद्र ने बताया कि इनमें एक घोड़े की कीमत पांच लाख रुपये है, जबकि दूसरी घोड़ी को उन्होंने चार लाख रुपये में खरीदा है. दोनों को परिवार शौक के तौर पर पालता है.
पर्यावरण का संदेश देने के लिए घोड़े पर पहुंचे रथ यात्रा में
अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा में धीरेंद्र यादव का घोड़े पर सवार होकर पहुंचना भी चर्चा का विषय बना. जहां यात्रा में बड़ी संख्या में लोग गाड़ियों के साथ चल रहे थे, वहीं धीरेंद्र अपने घोड़े के साथ काफिले में शामिल हुए. उनके हाथ में लैपटॉप भी था.
उनकी इस मौजूदगी को पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और प्रकृति के प्रति जागरूकता के संदेश से जोड़कर देखा गया. धीरेंद्र का परिवार आर्थिक रूप से संपन्न है और उनके पास गाड़ियां भी हैं, लेकिन यात्रा में उन्होंने घोड़े के साथ चलना चुना.
योगी आदित्यनाथ और 2027 के चुनाव पर क्या बोले धीरेंद्र?
बातचीत के दौरान धीरेंद्र यादव से उत्तर प्रदेश की राजनीति और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी सवाल किए गए. गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जिला है. यहां की राजनीति में समाजवादी पार्टी की स्थिति को लेकर भी उनसे सवाल हुआ.
धीरेंद्र ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि 2027 में PDA की सरकार बनेगी. उन्होंने दावा किया कि गोरखपुर की सभी नौ विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी जीत हासिल करेगी. इसके साथ ही उन्होंने पूरे उत्तर प्रदेश में पार्टी को कम से कम 320 सीटें मिलने का दावा किया. उन्होंने मौजूदा सरकार पर बेरोजगारी और पेंशन जैसे मुद्दों को लेकर निशाना साधा.
मतदाता सूची और SIR को लेकर भी उन्होंने अपनी बात रखी. धीरेंद्र ने आरोप लगाया कि फॉर्म-8 और फॉर्म-6 भरने में गड़बड़ियां हो रही हैं. उन्होंने बरेली की कुछ विधानसभा सीटों में आई शिकायतों का भी जिक्र किया. पेशे से वकील होने की बात कहते हुए उन्होंने इन मुद्दों को न्यायसंगत तरीके से देखने की जरूरत बताई.
जब उनसे पूछा गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज के बारे में उनकी क्या राय है, तो उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री होने के नाते योगी आदित्यनाथ ने अपने जिले में काम कराया है. अखिलेश यादव और योगी आदित्यनाथ की तुलना करने पर उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश विकास के मामले में पीछे रह गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में धर्म और जाति के मुद्दों पर ज्यादा राजनीति हुई है.
क्या थी अखिलेश यादव की लैपटॉप योजना?
धीरेंद्र यादव जिस लैपटॉप को करीब 10 साल से संभालकर रखे हुए हैं, उसका संबंध अखिलेश यादव सरकार की मुफ्त लैपटॉप वितरण योजना से है. समाजवादी पार्टी ने 2012 के विधानसभा चुनाव में छात्रों को लैपटॉप और टैबलेट देने का वादा किया था. सरकार बनने के बाद इस योजना पर काम शुरू हुआ.
योजना के तहत 12वीं पास करने वाले छात्रों को लैपटॉप और 10वीं पास करने वाले छात्रों को टैबलेट देने का प्रावधान किया गया था. उत्तर प्रदेश सरकार ने जुलाई 2012 में इसके लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए थे.
ये भी पढ़ें- 181 सीटों की मांग के बीच राहुल गांधी का बयान, खुद ही बता दिया यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन का हाल
ADVERTISEMENT











