दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कार ने 3 लोगों को कुचला, मां-बाप समेत 22 वर्षीय बेटे की मौत

मयंक गौड़

23 Nov 2026 (अपडेटेड: 23 Nov 2026, 06:26 PM)

गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार महिंद्रा XUV-700 ने एक ही परिवार के तीन लोगों की जान ले ली. हरलाल, उनकी पत्नी राजकुमारी और बेटा तेजवीर रेलवे स्टेशन जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे. हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है.

UP Tak
Google CTA

गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. हादसा क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में हुआ. हरलाल (65), उनकी पत्नी राजकुमारी (50) और बेटा तेजवीर (22) पैदल एक्सप्रेसवे पार कर रेलवे स्टेशन जा रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार महिंद्रा XUV-700 ने तीनों को टक्कर मार दी. हादसे में माता-पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

यह भी पढ़ें...

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची. पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हरलाल और राजकुमारी को मृत घोषित कर दिया. वहीं, तेजवीर को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई. एक ही परिवार के तीन लोगों की जान जाने से परिजनों में मातम पसरा है.

एक्सप्रेसवे पार करते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, हरलाल अपनी पत्नी राजकुमारी और बेटे तेजवीर के साथ दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पार कर रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही महिंद्रा XUV-700 ने तीनों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे. लोगों ने पुलिस को सूचना दी. कुछ ही देर में क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल भिजवाया.

हादसे के बाद कार छोड़कर फरार हुआ चालक

पुलिस ने हादसे में शामिल महिंद्रा XUV-700 कार बरामद कर ली है, लेकिन उसका चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी पहचान करने और तलाश में जुटी है. इसके लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है.

एक्सप्रेसवे पर पैदल पार करने को लेकर उठे सवाल

इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर पैदल आवाजाही की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पार करना कितना जोखिम भरा हो सकता है, इसका अंदाजा इस घटना से लगाया जा सकता है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार कार चालक की तलाश जारी है.