अयोध्या से जनकपुर जाने वाली ट्रेन में बैठने से पहले जान लें ये नियम, वरना टिकट होने के बावजूद भी नहीं कर पाएंगे सफर

आयशा शेख़

• 03:41 PM • 23 Nov 2026

अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम तक सरयू-कमला एक्सप्रेस शुरू हो गई है. 28 नवंबर से नियमित सेवा शुरू होने वाली है. अगर आप इस ट्रेन से नेपाल जाने की तैयारी कर रहे हैं तो टिकट के साथ कौन-सा पहचान पत्र रखना होगा? क्या आधार कार्ड से यात्रा कर सकते हैं और सीमा पर दस्तावेजों की जांच कहां होगी? जानिए पूरी जानकारी.

UP Tak
Google CTA

उत्तर प्रदेश के अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम तक जाने के लिए अब यात्रियों को बार-बार सवारी बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी. भारतीय रेलवे ने अयोध्या और जनकपुर को जोड़ने वाली साप्ताहिक ट्रेन सरयू-कमला एक्सप्रेस शुरू की है. इस ट्रेन से भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर के बीच सीधा रेल संपर्क बनेगा.

यह भी पढ़ें...

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने 23 नवंबर 2026 को इस ट्रेन को वर्चुअल हरी झंडी दिखाई. नियमित यात्री सेवा 28 नवंबर से शुरू होनी है. ट्रेन से नेपाल जाने की तैयारी कर रहे लोगों के मन में एक सवाल जरूर होगा कि क्या इसके लिए पासपोर्ट और वीजा बनवाना पड़ेगा? क्या आधार कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस दिखाकर यात्रा की जा सकती है? सीमा पर दस्तावेजों की जांच कौन करेगा?

सबसे पहले जान लीजिए कि भारतीय नागरिकों को नेपाल जाने के लिए वीजा की जरूरत नहीं है, लेकिन लेकिन... इसका मतलब यह नहीं है कि बिना वैध पहचान पत्र के सीमा पार कर सकते हैं. नेपाल जाने के लिए पहचान और नागरिकता साबित करने वाला निर्धारित दस्तावेज साथ रखना जरूरी है.

भारतीय यात्रियों को कौन से डॉक्यूमेंट दिखाने होंगे?

नेपाल और भारत के बीच आने-जाने के लिए भारतीय नागरिकों को वीजा नहीं लेना पड़ता, लेकिन नेपाल की सीमा पार करते समय अपनी भारतीय नागरिकता साबित करनी होती है. इसके लिए भारतीय दूतावास और नेपाल के आधिकारिक पर्यटन विभाग ने यात्रा दस्तावेजों के बारे में जानकारी दी है. भारतीय वयस्क यात्रियों के लिए दो दस्तावेज सबसे सुरक्षित और मान्य विकल्प हैं:

  1. भारतीय पासपोर्ट: वैध पासपोर्ट से यात्रा कर सकते हैं.
  2. वोटर आईडी कार्ड: चुनाव आयोग की ओर से जारी मूल फोटो वाला वोटर आईडी कार्ड भी मान्य है. वोटर आईडी की डाउनलोड की हुई कॉपी या ऑनलाइन प्रिंट को वैध यात्रा दस्तावेज नहीं माना गया है, इसलिए मूल कार्ड ही साथ रखें.

भारतीय दूतावास, काठमांडू की आधिकारिक वेबसाइट पर साफ कहा गया है कि आधार, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस नेपाल यात्रा के लिए मान्य दस्तावेज नहीं हैं. इसलिए ट्रेन का टिकट होने के बावजूद इन दस्तावेजों के सहारे सीमा पार करने की तैयारी न करें.

क्या नेपाली नागरिकों को भी पासपोर्ट दिखाना होगा?

नेपाली नागरिकों को भारत आने के लिए वीजा की जरूरत नहीं होती. नेपाल के नागरिकता प्रमाणपत्र, वैध पासपोर्ट या राष्ट्रीय पहचान पत्र जैसे दस्तावेज उनकी पहचान के लिए इस्तेमाल किए जा सकते हैं.

पासपोर्ट और वीजा की जरूरत किसे पड़ेगी?

  1. भारतीय नागरिक: नेपाल जाने के लिए वीजा नहीं चाहिए. पासपोर्ट या मूल वोटर आईडी जरूरी है.
  2. नेपाली नागरिक: भारत आने के लिए वीजा नहीं चाहिए. पहचान के लिए नेपाली नागरिकता प्रमाणपत्र या पासपोर्ट साथ रखें.
  3. तीसरे देश के नागरिक: अगर यात्री भारत या नेपाल का नागरिक नहीं है तो उसके लिए अलग नियम लागू होंगे. नेपाल में प्रवेश के लिए उसकी राष्ट्रीयता के अनुसार वीजा की जरूरत पड़ सकती है. इस नई ट्रेन में तीसरे देश के नागरिकों को यात्रा की अनुमति देने के संबंध में स्पष्ट आधिकारिक दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं, इसलिए ऐसे यात्रियों को टिकट बुक करने से पहले रेलवे और संबंधित इमिग्रेशन अधिकारियों से पुष्टि करनी चाहिए.

अयोध्या से जनकपुर तक क्या रहेगा ट्रेन का रूट?

सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या से चलकर उत्तर प्रदेश और बिहार के कई शहरों से गुजरेगी. इसके बाद बिहार के जयनगर स्टेशन से नेपाल में प्रवेश करेगी. पूरी यात्रा करीब 604 किलोमीटर की होगी और इसमें लगभग 19 घंटे लगेंगे.

ट्रेन के प्रमुख स्टेशन इस तरह हैं:

  • अयोध्या धाम
  • मनकापुर
  • बस्ती
  • गोरखपुर
  • नरकटियागंज
  • रक्सौल
  • सीतामढ़ी
  • शीशो
  • मधुबनी
  • जयनगर

डॉक्यूमेंट की जांच कहां होगी? 

अयोध्या से जनकपुर जाने वाली ट्रेन में यात्रियों के दस्तावेजों की जांच बिहार के जयनगर स्टेशन पर होगी. भारत और नेपाल के बीच सीमा पार करने का प्रमुख रेल स्टेशन है. रेलवे की व्यवस्था के मुताबिक, जयनगर में ट्रेन का करीब दो घंटे का लंबा ठहराव रहेगा. इस दौरान यात्रियों और उनके सामान की जांच की जाएगी. जांच में कस्टम विभाग के साथ एसएसबी, आरपीएफ और जीआरपी के जवान भी शामिल होंगे. इस दौरान यात्रियों से पहचान पत्र मांगे जा सकते हैं. सामान की जांच भी होगी. किसी यात्री पर संदेह होने पर उसे ट्रेन से उतारकर स्कैनिंग की जा सकती है.

क्या टीटी भी डॉक्यूमेंट चेक करेगा?

यहां एक बात समझना जरूरी है. टीटीई का काम मुख्य रूप से यात्रियों का टिकट और रेलवे यात्रा से जुड़े दस्तावेज जांचना है. भारत-नेपाल सीमा पार करने के लिए जरूरी पहचान पत्र और सामान की जांच कस्टम तथा सुरक्षा एजेंसियों की जिम्मेदारी होगी.