उत्तर प्रदेश में नवंबर की ठंड और कोहरे के बीच मौसम एक बार फिर रंग बदलने जा रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 22 नवंबर को प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. एक ओर जहां पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने के आसार हैं. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और सुबह के वक्त घने कोहरे की चादर लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है.
ADVERTISEMENT
कहां-कहां है बारिश की संभावना?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 22 नवंबर को पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा. जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश/गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. IMD के मुताबिक, बारिश की संभावना मुख्य रूप से पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में केंद्रित है. इनमें प्रयागराज, संत रविदास नगर (भदोही), जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया और देवरिया जैसे जिले शामिल हैं जहां एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं.
घने कोहरे की चेतावनी
22 नवंबर के लिए मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभागों में 'कहीं-कहीं घना कोहरा' छाने की चेतावनी (येलो वॉच) जारी की है. खासकर तराई और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा दृश्यता को प्रभावित कर सकता है जिससे सुबह सफर करने वाले वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
तापमान में कैसा रहेगा उतार-चढ़ाव?
IMD के तापमान दृष्टिकोण के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. वहीं न्यूनतम तापमान को लेकर विभाग ने बताया है कि अगले 2 दिनों में रात के पारे में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी हो सकती है जिसके बाद तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है जिससे ठंड का असर और तेज महसूस होगा.
ADVERTISEMENT











