आज से अयोध्या से जनकपुर धाम तक चलेगी ट्रेन, PM मोदी और बालेन शाह दिखाएंगे हरी झंडी, देखें पूरा रुट
अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच रेल कनेक्टिविटी शुरू होने जा रही है. दोनों धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दिल्ली के हैदराबाद हाउस से इस ट्रेन को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाएंगे.
ADVERTISEMENT

Ayodhya Janakpur Train News: अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच रेल कनेक्टिविटी शुरू होने जा रही है. दोनों धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दिल्ली के हैदराबाद हाउस से इस ट्रेन को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाएंगे. वहीं, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर भी कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या से इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है. इस नई ट्रेन सेवा को भारत और नेपाल के बीच संपर्क मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. इससे अयोध्या और जनकपुर धाम आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है.
दिल्ली से हरी झंडी दिखाएंगे दोनों देशों के प्रधानमंत्री
अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ दिल्ली के हैदराबाद हाउस से किया जाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह संयुक्त रूप से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या से शामिल होने की संभावना है. अयोध्या रेलवे स्टेशन पर भी इस मौके पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इसके लिए रेलवे और जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां की गई हैं. ट्रेन सेवा शुरू होने से दोनों देशों के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें- फिरोजाबाद में जयमाला के बाद दूसरी लड़की के साथ कमरे में गया दूल्हा, भड़क गई दुल्हन, सात फेरे लेने से किया मना
क्या होगा पूरा रुट?
यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगी. अयोध्या कैंट यानी अयोध्या धाम से चलकर यह रेलगाड़ी मनकापुर, बस्ती और गोरखपुर होते हुए बिहार में दाखिल होगी. बिहार में नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, दरभंगा, मधुबनी और जयनगर पहुँचेगी. यहां से नेपाल में दाखिल होकर 27 किलोमीटर उत्तर में राजर्षि जनक की राजधानी जनकपुर धाम यानी गंतव्य अंतिम स्टेशन पहुंचेगी.
अधिकारियों ने पहुंचकर देखीं तैयारियां
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए रेलवे के महाप्रबंधक सुनील कुमार वर्मा और जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए. इससे पहले भी कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर निरीक्षण किया जा चुका है. रविवार को एक बार फिर अधिकारियों ने स्टेशन पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की, ताकि शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो. जिला प्रशासन और रेलवे की टीमें आयोजन को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने में जुटी हैं.
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में आपस में भिड़े सांसद-विधायक के कार्यकर्ता, मंच से MLA का नाम न लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद
राम की जन्मभूमि से सीता की जन्मस्थली तक जुड़ेगा रेल मार्ग
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया, 'भारत सरकार और रेल मंत्रालय की ओर से खास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसके तहत अयोध्या धाम से नेपाल के जनकपुर के लिए ट्रेन रवाना होगी.' उन्होंने बताया कि ट्रेन को दिल्ली के हैदराबाद हाउस से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह हरी झंडी दिखाएंगे. अयोध्या को भगवान श्रीराम की जन्मभूमि और जनकपुर धाम को माता सीता की जन्मस्थली के रूप में जाना जाता है. ऐसे में दोनों स्थानों के बीच ट्रेन सेवा शुरू होना धार्मिक और सांस्कृतिक लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इससे श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिलने के साथ भारत और नेपाल के रिश्तों को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है.
