Kanpur news: यह दर्दनाक मामला कानपुर के चकेरी की रहने वाली एक लेडी डॉक्टर का है. उनका संपर्क एक मैरिज साइट के जरिए संभल के एक रसूखदार परिवार के युवक से हुआ था. परिवार वालों की रजामंदी से हुई यह शादी खुशियों के बजाय दुखों का सबब बन गई.
ADVERTISEMENT
दहेज की भूख और पहली रात का सच
रूबिया के मुताबिक, उनके पिता ने शादी में अपनी जीवन भर की गाढ़ी कमाई यानी करीब 50 लाख रुपये खर्च किए थे. इसमें से 15 लाख रुपये कैश दिए गए, लेकिन ससुराल वालों की भूख कम नहीं हुई. वे 25 लाख रुपये की मांग पर अड़े थे. शादी की पहली रात ही पति ने खुलासा किया कि उसका किसी दूसरी महिला से संबंध है और उसने यह शादी सिर्फ दहेज के लिए की है. पति ने धमकी दी कि अगर 10 लाख और नहीं मिले, तो उसे घर में नौकरानी बनकर रहना होगा.
दो बार गर्भपात की साजिश
ससुराल पहुँचते ही रूबिया के जेवर छीन लिए गए और उनके साथ मारपीट शुरू हो गई. प्रताड़ना की हद तब पार हो गई जब रूबिया दो बार प्रेग्नेंट हुईं. आरोप है कि दोनों बार ससुराल वालों ने उनके खाने में नशीली या हानिकारक दवाइयां मिला दीं, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई, इन्फेक्शन फैला और गर्भपात हो गया.
जब वह तीसरी बार प्रेग्नेंट हुईं, तो अपनी जान बचाने के लिए मायके आ गईं. यहाँ उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया. दुखद यह रहा कि बेटी के जन्म की खबर मिलने के बाद भी ससुराल से कोई उसे देखने तक नहीं आया.
पति की दूसरी शादी और शरीयत का बहाना
इसी बीच रूबिया को पता चला कि उनके पति ने संभल में ही दूसरी शादी कर ली है. जब उन्होंने विरोध किया, तो पति ने मुस्लिम शरीयत का हवाला देते हुए कहा कि वह चार शादियां कर सकता है. उसने दो टूक कह दिया कि अगर साथ रहना है, तो मायके से 10 लाख रुपये और लेकर आओ और उसकी दूसरी पत्नी के साथ रहो.
पुलिस कार्रवाई और रसूख का दबाव
तंग आकर रूबिया ने कानपुर के चकेरी थाने में न्याय की गुहार लगाई है. पुलिस ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ 13 गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. रूबिया ने अपने पति की बहनों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. हालांकि, उनका कहना है कि ससुराल पक्ष की राजनीतिक पहुँच के कारण अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
एडीसीपी शिवा सिंह के अनुसार, मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. फिलहाल, यह मामला न केवल कानूनी लड़ाई है, बल्कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों पर भी एक बड़ा सवाल खड़ा करता है.
ADVERTISEMENT









