आजम खान की जगह कोई नहीं ले सकता... शिवपाल यादव ने कानपुर में दिया बड़ा बयान

कानपुर में शिवपाल सिंह यादव का बड़ा बयान- आजम खान सपा के दिल में हैं. भाजपा की आर्थिक नीतियों और तानाशाही पर साधा निशाना, 2027 चुनाव के लिए फूंका बिगुल.

यूपी तक

• 11:43 AM • 30 Mar 2026

follow google news

कानपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति साझा की. इस दौरान उन्होंने जेल में बंद वरिष्ठ नेता आजम खान के प्रति अटूट समर्थन जताते हुए भाजपा सरकार की नीतियों को आड़े हाथों लिया.

यह भी पढ़ें...

'आजम खान की जगह कोई नहीं ले सकता'

आजम खान से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि आजम खान पार्टी के बेहद सम्मानित और वरिष्ठ नेता हैं.  उन्होंने साफ किया कि सपा में नए चेहरों के आने से आजम खान के महत्व में कोई कमी नहीं आई है. शिवपाल ने जोर देकर कहा, 'आजम खान और उनका परिवार सपा के संघर्ष का हिस्सा रहा है और वे हमेशा पार्टी के दिल में रहेंगे.'

भाजपा पर तानाशाही का लगाया आरोप

शिवपाल यादव ने भाजपा सरकार को तानाशाह करार देते हुए कहा कि जनता नोटबंदी, जीएसटी और अब आसमान छूती पेट्रोल-डीजल व गैस की कीमतों से त्रस्त है. उन्होंने कहा कि सरकार जनता की आवाज दबाने का काम कर रही है, लेकिन समाजवादी पार्टी सड़क से सदन तक इस जुल्म के खिलाफ लड़ाई लड़ेगी.

जनता के बीच जाकर सरकारी विफलताओं को उजागर करें: शिवपाल

पार्टी की मजबूती पर चर्चा करते हुए शिवपाल ने इरफ़ान सोलंकी, नसीम सोलंकी और माता प्रसाद पांडे जैसे नेताओं के साथ बैठक की. उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे जनता के बीच जाकर सरकारी विफलताओं को उजागर करें. उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में जनता इस तानाशाही सरकार को उखाड़ फेंकेगी.