कानपुर में यूट्यूबर्स ने रची 10 साल के बच्चे की किडनैपिंग की साजिश, 2 लाख फिरौती मांगी, पकड़े गए तो बोले- प्रैंक कर रहे थे

Kanpur Kidnapping Case: कानपुर में 10 साल के छात्र को कथित तौर पर यूट्यूबरों ने प्रैंक वीडियो बनाने के नाम पर अगवा कर लिया और 2 लाख रुपये की फिरौती मांगी.

सिमर चावला

• 09:40 AM • 15 Feb 2026

follow google news

Kanpur Kidnapping Case: सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स पाने की होड़ कब अपराध में बदल जाए, इसका अंदाजा शायद ही किसी ने लगाया होगा. कानपुर में एक मासूम बच्चे के साथ ऐसा ही खौफनाक खेल खेला गया. 10 साल के छात्र को अगवा कर 2 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई. मां के मोबाइल पर रोते हुए बेटे की आवाज सुनकर परिवार की दुनिया थम गई. दो घंटे तक परिवार डर और अनिश्चितता में डूबा रहा और बाद में आरोपियों ने इसे प्रैंक बताकर बच्चे को छोड़ दिया. लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. 

यह भी पढ़ें...

क्या है पूरा मामला?

घटना उत्तर प्रदेश के कानपुर के बर्रा-8 इलाके की है. यहां रहने वाले अमित शुक्ला प्राइवेट नौकरी करते हैं. उनके परिवार में पत्नी प्रभाती, 10 वर्षीय बेटा हर्षल और छोटा बेटा यशू है. हर्षल मेहरबान सिंह का पुरवा स्थित स्कूल में कक्षा-4 का छात्र है.

अमित के मुताबिक, 11 फरवरी की शाम करीब 7:30 बजे हर्षल घर के पास सब्जी खरीदने गया था. रास्ते में दो लड़कों ने उसे अपनी बातों में उलझाया और केडीएमए स्कूल के पास एक सुनसान स्थान पर ले गए. वहां उसे धमकाते हुए मां को फोन कर 2 लाख रुपए मांगने के लिए कहा गया. 

मां को रोते हुए किया फोन

डरे-सहमे हर्षल ने मां प्रभाती को फोन कर रोते हुए बताया कि कुछ लड़कों ने उसका अपहरण कर लिया है और छोड़ने के बदले 2 लाख रुपए मांग रहे हैं. इसके बाद कॉल कट गई. बेटे की आवाज सुनकर मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और परिवार में हड़कंप मच गया.  करीब 25 मिनट बाद एक नए नंबर से कॉल आई, जिसमें 5 हजार रुपए किदवई नगर स्थित यूपी किराना स्कूल के पास पहुंचाने को कहा गया. 

‘हम प्रैंक कर रहे थे’ कहकर छोड़ा

रात करीब पौने 9 बजे आरोपियों ने खुद को यूट्यूबर बताते हुए कहा कि यह सब एक मजाक था और वे प्रैंक वीडियो बना रहे थे. इसके बाद करीब 9 बजे हर्षल घर लौट आया. बेटे को सुरक्षित देखकर परिवार ने राहत की सांस ली लेकिन आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी. 

मां ने दर्ज कराई रिपोर्ट

12 फरवरी को प्रभाती ने गुजैनी थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि जांच के दौरान करीब 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. दो टीमें आरोपियों की तलाश में लगाई गईं. जांच में गुजैनी थाना क्षेत्र के ही दो बच्चों की संलिप्तता सामने आई, जिन्होंने आंध्रप्रदेश और कन्नौज के मोबाइल नंबर से कॉल की थी.

3 नाबालिग समेत 8 आरोपी गिरफ्तार

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ई-ब्लॉक कच्ची बस्ती के अरविंद सिंह, जरौली ईडब्ल्यूएस के चंदन कुमार, वरुण विहार के लकी, बर्रा-8 के मोहम्मद शाहिद, अमन कटियार समेत तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि अमन कटियार के खिलाफ पहले से गुजैनी और डेरापुर थाने में चोरी के दो मुकदमे दर्ज हैं. आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे सोशल मीडिया देखकर वीडियो बनाते और उन्हें इंस्टाग्राम व यूट्यूब पर पोस्ट करते थे. यही नहीं उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 150 से 200 आपत्तिजनक वीडियो भी मिले हैं.

कान पकड़कर मांगी माफी, भेजे गए जेल

गिरफ्तारी के बाद आरोपी पुलिस के सामने गिड़गिड़ाने लगे और कान पकड़कर माफी मांगते हुए दोबारा ऐसी गलती न करने की बात कही. हालांकि पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है.

यह भी पढ़ें: महाशिवरात्रि पर 3 प्रमुख ग्रह बदल रहे हैं अपनी स्थिति, इन 3 राशियों के लोगों का जीवन बदल जाएगा