Jhansi Women Hockey Players News: मेजर ध्यानचंद की नगरी झांसी में हॉकी खेलने पहुंचीं 13 से 17 साल की खिलाड़ियों को रहने और खाने जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ा. मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित अस्मिता नॉर्थ जोन सब-जूनियर एवं जूनियर महिला हॉकी लीग में हिस्सा लेने आईं 11 टीमों की खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन का इंतजाम नहीं किया गया. हालात ऐसे बने कि हरियाणा से आईं खिलाड़ियों को 3 दिनों तक बैग लेकर ठिकाना तलाशना पड़ा. आखिरकार स्थानीय पार्षद की मदद से रहने की जगह मिली, लेकिन भोजन का इंतजाम उन्हें खुद करना पड़ रहा है.
ADVERTISEMENT
स्टेडियम में भी नहीं मिली जगह
हरियाणा की टीम के कोच और एनसीआर हॉकी सोसाइटी से जुड़े प्रवीण दहिया ने बताया कि वह सोनीपत की बड़खालसा हॉकी फैमिली से जूनियर और सब-जूनियर वर्ग की दो टीमें लेकर झांसी आए हैं. टीम में करीब 36 खिलाड़ी और चार ऑफिशियल शामिल हैं. उनके मुताबिक झांसी पहुंचने के बाद टीम को तीन दिनों तक रहने और खाने की व्यवस्था के लिए परेशान होना पड़ा. पहले दिन अपने खर्च पर लॉज में रुकना पड़ा. इसके बाद स्टेडियम में ठहरने की कोशिश की, लेकिन अनुमति नहीं मिली. बाद में स्थानीय पार्षद उमेश की मदद से खिलाड़ियों के रुकने की व्यवस्था नगर निगम के सामुदायिक केंद्र में हो सकी.
प्रवीण दहिया ने बताया कि स्पॉन्सरशिप नहीं होने के कारण खिलाड़ियों ने आपस में पैसे जुटाए हैं और अब खुद भोजन तैयार कर रही हैं. उनका कहना है कि खेलो इंडिया जैसी पहल से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है, लेकिन प्रतियोगिताओं में आने-जाने, रहने और खाने का खर्च खुद उठाना पड़ता है. इससे खिलाड़ियों और उनकी एकेडमी पर आर्थिक बोझ बढ़ता है.
यह भी पढ़ें- हापुड़ में अखिलेश यादव का बड़ा एक्शन, जिलाध्यक्ष समेत पूरी कार्यकारिणी की भंग, ओपी राजभर ने कसा तंज!
कोच ने क्या कहा?
हरियाणा के करनाल स्थित राजाकरण हॉकी एकेडमी की कोच ललिता देवी ने भी व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए. उन्होंने बताया कि टीम को स्टेडियम से दूर कमरे लेकर रुकना पड़ रहा है. आने-जाने में परेशानी होती है और भोजन के लिए कभी ढाबे का सहारा लेना पड़ता है तो कभी बाहर से खाना मंगवाना पड़ता है. उनके मुताबिक किसी कमरे में बैठकर खाना खाने और खिलाड़ियों के लिए व्यवस्थित मेस होने में काफी अंतर है. खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए पौष्टिक भोजन, आराम और उचित माहौल चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि टीम को टीए-डीए या फेडरेशन की ओर से कोई आर्थिक सहयोग नहीं मिला.
3 दिन तक कैसे करना पड़ा इंतजाम?
हरियाणा की खिलाड़ी सुहानी ने बताया कि टीम का उद्देश्य मैदान पर खेलना और बेहतर प्रदर्शन करना है, लेकिन झांसी में उन्हें भोजन बनाने और ठहरने की व्यवस्था खुद करनी पड़ रही है. खुद खाना बनाने से थकान होती है और आराम का समय भी कम मिलता है. इसका असर मैच के दौरान प्रदर्शन पर पड़ सकता है. उन्होंने बाहर से आने वाली खिलाड़ियों के लिए रहने और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की.
इसी टीम की इशिका कश्यप ने बताया कि पहले मैच के दिन भी खिलाड़ी अपना सामान लेकर स्टेडियम पहुंची थीं. शुरुआत में आपस में पैसे इकट्ठे कर कमरा लिया और बाहर से खाना मंगवाकर गुजारा किया. बाद में पार्षद उमेश की मदद से ठहरने की व्यवस्था हुई, लेकिन भोजन की परेशानी बनी रही. बुलंदशहर की खिलाड़ी अंशिका ने बताया कि वह तीन अन्य लड़कियों के साथ हरियाणा की टीम से खेलने आई हैं. उन्हें भी तीन दिनों तक बैग लेकर ठहरने की जगह तलाशनी पड़ी. हॉकी खिलाड़ी रीता ने कहा कि कोच ने रहने का इंतजाम कराया है, जबकि भोजन उन्हें खुद बनाना पड़ रहा है. खिलाड़ियों के मुताबिक ऐसी व्यवस्थाओं में समय और ऊर्जा खर्च होने से खेल पर ध्यान देना मुश्किल होता है.
यह भी पढ़ें- ‘राजा भैया का दबदबा पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा’, कुंडा में बोले बृजभूषण शरण सिंह
अधिकारियों ने क्या कहा?
मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम के अधिकारी कर्मवीर सिंह ने खिलाड़ियों की परेशानी पर अपना पक्ष रखा. उनके मुताबिक प्रतियोगिता में शामिल होने वाली टीमों को पहले ही बता दिया गया था कि आने-जाने, ठहरने और भोजन की व्यवस्था उन्हें खुद करनी होगी. आयोजकों की ओर से प्रतियोगिता के संचालन से जुड़ी व्यवस्थाएं की जा रही हैं. इनमें मैच के लिए मैदान, अंपायर और खेल से संबंधित जरूरी सुविधाएं शामिल हैं. मैदान पर पानी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी खेल विभाग और जिला हॉकी संघ की है. अधिकारियों का कहना है कि साई, खेलो इंडिया हॉकी और हॉकी इंडिया के दिशा-निर्देशों के तहत टीमों को पहले ही अपनी व्यवस्था खुद करने की जानकारी दी गई थी.
20 नवंबर को होगा फाइनल
पूर्व नेशनल हॉकी खिलाड़ी सुदेश खंडेकर के अनुसार, प्रतियोगिता में कुल 11 टीमें हिस्सा ले रही हैं. इनमें सब-जूनियर वर्ग की आठ और जूनियर वर्ग की तीन टीमें शामिल हैं. हॉकी इंडिया की ओर से आए ऑफिशियल्स के ठहरने और उनके टीए-डीए की व्यवस्था आयोजकों की ओर से की गई है. प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 20 नवंबर को खेला जाएगा.
मेजर ध्यानचंद की पहचान से जुड़े झांसी में आयोजित इस प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं ने खिलाड़ियों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं पर सवाल खड़े किए हैं. एक ओर खेलो इंडिया के जरिए नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की बात होती है, वहीं दूसरी ओर कम उम्र की खिलाड़ियों को ठहरने और भोजन का इंतजाम खुद करना पड़ा. खिलाड़ियों का कहना है कि उन्हें प्रतियोगिता में अपने खेल पर ध्यान देने का मौका मिलना चाहिए, न कि ठिकाना और खाना तलाशने में समय बिताना पड़े.
ADVERTISEMENT











