उत्तर प्रदेश के झांसी से हाल ही में एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इस वीडियो को लेकर दावा किया गया था कि एक पति ने अपनी नई-नवेली दुल्हन को उसके कथित प्रेमी के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया था. फिर मोहल्ले के लोगों के सामने जबरन दोनों की शादी कराकर सात बार मांग भरवाई. लोगों की मोबाइल स्क्रीन तक पहुंचे इस वीडियो ने हर किसी को हैरान कर दिया था. लेकिन अब झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र के इस चर्चित मामले में एक बेहद खौफनाक और चौंकाने वाला मोड़ आ गया है.
ADVERTISEMENT
पीड़ित महिला खुद मीडिया के सामने आई है और उसने वायरल वीडियो की पूरी कहानी को झूठा बताते हुए ससुराल पक्ष पर थार गाड़ी की मांग, दहेज उत्पीड़न, और जेठ द्वारा बंधक बनाकर गैंगरेप करवाने की साजिश का आरोप लगाया है.
थार गाड़ी की मांग और दूसरी शादी की धमकी
25 जून को शादी के बंधन में बंधी पीड़िता ने बताया कि जब वह दोबारा अपने ससुराल पहुंची तो खुशियों की जगह प्रताड़ना का दौर शुरू हो गया. पीड़िता के मुताबिक, उसकी सास और ननद ने उसके सारे सोने-चांदी के जेवर छीन लिए और मारपीट की. ससुराल वाले लगातार दहेज में थार गाड़ी की मांग कर रहे थे. महिला का कहना है कि ससुराल पक्ष यह कहकर ताने देता था कि 'तेरे बाप ने कुछ नहीं दिया, हमारे बेटे की अब सरकारी नौकरी लगने वाली है, हम इसका दूसरा रिश्ता तय कर सकते हैं और तुझे तलाक दे देंगे.' जब पीड़िता ने विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं'
'प्रेमी नहीं सिर्फ जान-पहचान का था लड़का'
पीड़िता ने अपने ऊपर लगे 'आशिक के साथ पकड़े जाने' के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया. उसने बताया कि वायरल वीडियो में दिख रहा युवक राहुल पंडित उसका प्रेमी नहीं बल्कि मायके के मोहल्ले का एक जान-पहचान वाला लड़का था.
महिला के गंभीर आरोपों के मुताबिक, उसके जेठ रिंकू प्रजापति ने उसे डरा-धमकाकर राहुल को किसी सामान के सिलसिले में घर बुलाने पर मजबूर किया. जैसे ही राहुल घर पहुंचा जेठ और अन्य लोगों ने दोनों के साथ बर्बरता से मारपीट की. इसके बाद दोनों के कपड़े उतरवाए गए. महिला का आरोप है कि जेठ ने पहले राहुल से उसके साथ जबरन गलत काम करवाया और फिर खुद जेठ रिंकू प्रजापति ने भी उसके साथ रेप किया.
जबरन भरवाई मांग और AI से बनाया फर्जी ऑडियो
आरोप है कि इसके बाद इस पूरी घटना को प्रेम प्रसंग और रंगे हाथों पकड़े जाने का ड्रामा साबित करने के लिए भीड़ इकट्ठा की गई. आरोपी पक्ष ने जबरन राहुल से महिला की सात बार मांग भरवाई और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. इतना ही नहीं सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक ऑडियो को लेकर पीड़िता ने दावा किया कि राहुल का मोबाइल छीनकर एआई टूल की मदद से उसकी फर्जी आवाज तैयार की गई है ताकि ऐसा लगे कि वह अपने कथित प्रेमी को चूड़ियां लेकर घर बुला रही थी.
पुलिस पर भी दबाव में बयान दर्ज कराने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि चिरगांव थाने की पुलिस ने भी उसकी सही सुनवाई नहीं की बल्कि उसके भाई को जेल में डालने की धमकी देकर उससे दबाव में पुलिस के मुताबिक बयान देने वाला वीडियो बनवाया. अब पीड़िता और उसके पिता खुलकर सामने आए हैं. पिता का कहना है कि उनकी बेटी को झूठी साजिश में फंसाकर उसकी छवि खराब की गई है और उसके साथ गंभीर अन्याय हुआ है. पीड़िता ने अधिकारियों से गुहार लगाते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और खुद के लिए न्याय की मांग की है.
ये भी पढ़ें: डिप्टी CM ब्रजेश पाठक के सगे साले राजीव त्रिपाठी ने किया अखिलेश यादव को समर्थन देने का ऐलान, बोले- बनाएंगे सपा सरकार
ADVERTISEMENT











