Gorakhpur Crime News: अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन में एनसीसी की परीक्षा देकर लौट रही एक युवती बिना टिकट के ही चढ़ गई. युवती को लगा कि ज्यादा से ज्यादा टिकट ना होने का फाइन लगेगा. लेकिन फर्स्ट एसी के केबिन में मौजूद एक टीटीई ने जो उसके साथ किया युवती उस सदमे को शायद पूरी जिंदगी नहीं भूल सकती है. आरोप है कि टीटीई पहले युवती को टिकट देने के नाम पर अपनी केबिन में ले गया. फिर अंदर से दरवाजा बंद करके युवती के साथ रेप किया. लेकिन जब युवती ने इसका विरोध किया तो टीटीई बीच रास्ते में ही ट्रेन से उतरकर फरार हो गया. इस घटना की जानकारी जैसे ही रेलवे प्रशासन तक पहुंची हड़कंप मच गया.
ADVERTISEMENT
ट्रेन में सीट दिलाने के नाम पर एसी कोच की केबिन में ले गया टीटीई और फिर..
वारदात की शुरुआत मऊ स्टेशन से हुई. मऊ की रहने वाली युवती गोरखपुर में रहकर भर्ती की तैयारी करती है. युवती एनसीसी 'सी' सर्टिफिकेट की परीक्षा देकर लौट रही थी. इस दौरान स्टेशन पर जबरदस्त भीड़ और जल्दबाजी के कारण वह टिकट नहीं ले पाई. ट्रेन में चढ़ने के बाद वह एसी कोच में खड़ी थी वो भी इस उम्मीद में कि टीटीई को जुर्माना देकर वह अपनी यात्रा वैध करा लेगी. तभी उसकी मुलाकात टीटीई राहुल कुमार से हुई. राहुल ने पहले युवती का नाम-पता और परीक्षा के बारे में पूछा. जब उसे लगा कि युवती अकेली और मजबूर है तो उसने सीट दिलाने का जाल फेंका और उसे एसी फर्स्ट क्लास के अपने केबिन में बुला लिया.
रेप के बाद फरार हो गया टीटीई
केबिन के अंदर जाते ही टीटीई राहुल कुमार ने दरवाजा अंदर से लॉक कर लिया. युवती के आरोप के मुताबिक, पहले टीटीई ने उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कीं और जब युवती ने विरोध किया तो उसे बिना टिकट यात्रा के नाम पर जेल भेजने और करियर बर्बाद करने की धमकी दी. फिर उसके साथ रेप किया. यह खौफनाक वारदात इंदारा और देवरिया स्टेशन के बीच अंजाम दी गई. हिम्मत दिखाते हुए पीड़िता ने केबिन से ही डायल 112 पर पुलिस को सूचना दे दी.जैसे ही ट्रेन देवरिया स्टेशन पहुंची और टीटीई को भनक लगी कि पुलिस सक्रिय हो गई है वह ट्रेन से कूदकर अंधेरे में गायब हो गया.
आरोपी टीटीई के सस्पेंशन की कार्रवाई शुरू
घटना के बाद जीआरपी (GRP) महकमे में हड़कंप मच गया है. एसपी जीआरपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि आरोपी टीटीई राहुल कुमार जो एनईआर के वाराणसी डिवीजन में तैनात है उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.पुलिस ने फरार आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले को देवरिया जीआरपी ट्रांसफर कर दिया गया है. रेलवे प्रशासन को आरोपी के निलंबन और कठोर कार्रवाई के लिए पत्र भेज दिया गया है.रेल के केबिन में इस तरह की वारदात ने प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का दावा है कि आरोपी राहुल कुमार जल्द ही सलाखों के पीछे होगा.
ये भी पढ़ें: UP Weather Update: यूपी में मौसम का यू-टर्न, 18 फरवरी को इन जिलों में बारिश का अलर्ट
ADVERTISEMENT









