UP Weather Update: यूपी में मौसम का यू-टर्न, 18 फरवरी को इन जिलों में बारिश का अलर्ट

यूपी तक

18 Feb 2026 (अपडेटेड: 18 Feb 2026, 10:00 AM)

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में फरवरी की गर्मी से राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग के अनुसार, आज 18 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी यूपी के 18 जिलों में बारिश और 40 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी का अलर्ट जारी किया गया है.

up weather update

up weather update

Google CTA

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश के लोगों को फरवरी की बढ़ती धूप से अचानक राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आज यानी 18 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा. आसमान में घने बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है जिसके चलते धूप की तपिश कम होगी और कई जिलों में हल्की से मध्यम फुहारें पड़ने की संभावना है.

यह भी पढ़ें...

इन जिलों में बारिश की चेतावनी

सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, हाथरस, झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, इटावा, औरैया, मुरादाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, नोएडा, गाजियाबाद और सहारनपुर जैसे पश्चिमी संभाग के 18 जिलों में मौसम बिगड़ने वाला है. आज दोपहर के समय इन इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 

तापमान में आएगी गिरावट

पिछले कुछ दिनों से यूपी के कई शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा था जिससे मार्च जैसी गर्मी का अहसास होने लगा था. हालांकि इस मौसमी बदलाव और ठंडी हवाओं के चलने से दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि बादलों की वजह से रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है. लेकिन दिन का मौसम सुहावना बना रहेगा.

किसानों के लिए सलाह

कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि हल्की बारिश गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद हो सकती है. लेकिन जिन किसानों ने हाल ही में सिंचाई की है या जिनकी सरसों की फसल कटने को तैयार है उन्हें मौसम के रुख को देखते हुए सावधानी बरतनी चाहिए.