रात की चेकिंग में खुली पोल, गौतमबुद्ध नगर में अवैध असलहे के साथ दबोचे गए मेवात के 4 बदमाश, क्या-क्या मिला?

UP News: जारचा पुलिस ने मेवात के 4 बदमाशों को अवैध पिस्टल और 19 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया. खुर्शीदपुरा नहर पटरी पर बलेनो कार से हथियारों की तस्करी.

यूपी तक

• 07:13 PM • 30 Mar 2026

follow google news

गौतमबुद्ध नगर की जारचा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने चेकिंग के दौरान हरियाणा के मेवात इलाके के चार शातिर बदमाशों को अवैध हथियारों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया है. 

यह भी पढ़ें...

जानकारी मिली है कि कमिश्नरेट पुलिस की जारचा टीम ने खुर्शीदपुरा नहर पटरी पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की बलेनो कार को रुकवाया. लोकल इंटेलिजेंस की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में कार सवार चार युवकों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध असलहा और कारतूस बरामद हुए हैं. 

चेकिंग के दौरान पकड़ा गया हथियारों का जखीरा

पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान धर्मेंद्र, कुणाल, राहुल और विशाल के रूप में हुई है. ये चारों आरोपी हरियाणा के जनपद नूंह (मेवात) के ग्राम उजीना के रहने वाले हैं. पुलिस ने इनके पास से:

  • 01 पिस्टल (.32 बोर)
  • 02 मैगजीन
  • 19 जिंदा कारतूस (.32 बोर)
  • सफेद रंग की बलेनो कार (HR27 K 7415) बरामद की है. 

SHO ने दी जानकारी

इस मामले में थाना प्रभारी (SHO) कैलाश नाथ सिंह ने बताया कि रात के समय नियमित चेकिंग की जा रही थी. इसी दौरान हरियाणा नंबर की संदिग्ध कार को रोका गया. तलाशी लेने पर कार के अंदर से अवैध पिस्टल और मैगजीन बरामद हुई. पकड़े गए चारों अभियुक्तों की उम्र 22 से 28 वर्ष के बीच है. पुलिस ने कार को सीज कर दिया है और आरोपियों के मामला दर्ज किया है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ये युवक इतनी बड़ी मात्रा में कारतूस और पिस्टल लेकर किस वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे?