उत्तर प्रदेश के विकास के इतिहास में 28 मार्च का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है. देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट, 'नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट' (जेवर) के भव्य उद्घाटन की उल्टी गिनती शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को खुद जेवर पहुंचकर तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को इसे 'विश्वस्तरीय' बनाने के कड़े निर्देश दिए. जेवर की धरती से उड़ान भरने का सपना अब हकीकत बनने के बेहद करीब है. आगामी 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और कार्गो टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे. इसी ऐतिहासिक कार्यक्रम की तैयारियों को परखने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को अचानक जेवर पहुंचे. सीएम ने न केवल स्थलीय निरीक्षण किया, बल्कि मैराथन बैठक कर अधिकारियों को 'जीरो टॉलरेंस' के साथ व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए.
ADVERTISEMENT
ग्राउंड जीरो पर पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पैसेंजर टर्मिनल से लेकर रनवे और कार्गो टर्मिनल तक के हर कोने का मुआयना किया. उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण मार्ग, जनसभा स्थल (रैली ग्राउंड), हेलीपैड और पार्किंग व्यवस्थाओं की जानकारी ली. सीएम ने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम केवल एक उद्घाटन नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर उत्तर प्रदेश की नई ब्रांडिंग का जरिया बनना चाहिए.
28 मार्च: क्या-क्या होगा खास?
लोकार्पण: पीएम मोदी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और विशाल कार्गो टर्मिनल को जनता को समर्पित करेंगे.
शिलान्यास: इसी दिन एमआरओ (MRO - मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल) परियोजना का शिलान्यास भी किया जाएगा, जो विमानों की मरम्मत का बड़ा केंद्र बनेगा.
भव्य जनसभा: उद्घाटन के बाद एक विशाल रैली का आयोजन होगा, जिसमें लाखों लोगों के जुटने की उम्मीद है.
सुरक्षा का अभेद्य घेरा: 4 स्तरीय व्यवस्था
समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस और प्रशासन ने प्रजेंटेशन के जरिए सुरक्षा खाका पेश किया. कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था चार स्तरीय (4-Layered Security) रखने का निर्णय लिया गया है. इसमें पुलिस, विशेष बल और वालंटियर्स की भारी तैनाती होगी. ट्रैफिक जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों और साइनेज की व्यवस्था समय से पहले पूरी करने को कहा गया है. बैठक में सीएम योगी ने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं होनी चाहिए. निर्देश दिए गए हैं कि पार्किंग स्थलों पर मोबाइल शौचालय, हेल्प डेस्क, पीने का पानी और मेडिकल टीम हर वक्त तैनात रहे. एयरपोर्ट और रैली स्थल की ओर आने वाले सभी मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए. कार्यक्रम के दौरान बिजली आपूर्ति में एक सेकंड की भी कटौती न हो.
बैठक में मौजूद रहे दिग्गज
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक धीरेंद्र सिंह, तेजपाल नागर, मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी, यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुण वीर सिंह (अतिरिक्त प्रभार/राकेश कुमार सिंह), पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मेधा रूपम समेत शासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश की अर्थव्यवस्था को नई रफ़्तार मिलेगी. सीएम योगी के इस दौरे ने स्पष्ट कर दिया है कि सरकार इस प्रोजेक्ट को लेकर कितनी गंभीर है.
ADVERTISEMENT









