Chandauli Sawan Shiv Temple: सावन माह के प्रथम सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के विभिन्न शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. मानसनगर क्षेत्र स्थित शिव मंदिर और कैलाशपुरी के प्राचीन शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे. मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा.
ADVERTISEMENT
सुबह तड़के से ही मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं. भक्तों ने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित किए. श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की. महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों समेत सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भोलेनाथ का जलाभिषेक किया.
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए. मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में महिला पुलिसकर्मियों समेत पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा. पुलिसकर्मी लगातार भीड़ को व्यवस्थित करने और श्रद्धालुओं को सुचारु रूप से दर्शन कराने में जुटे रहे, जिससे किसी तरह की अव्यवस्था की स्थिति न बने.
मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि सावन के प्रथम सोमवार को क्षेत्र के प्रमुख शिव मंदिरों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. सभी मंदिरों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने श्रद्धालुओं से शांति और अनुशासन बनाए रखते हुए दर्शन-पूजन करने की अपील की.
दिनभर मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही. भक्तों की आस्था और उत्साह के साथ पुलिस प्रशासन की सतर्कता के चलते सावन के प्रथम सोमवार का पर्व शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ.
ADVERTISEMENT











