Chandauli Baldev Yadav Death Case: काली माता मंदिर ध्वस्तीकरण के दौरान हुई बलदेव यादव की मौत और नगर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य से जुड़ी समस्याओं को लेकर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीडब्ल्यूडी कार्यालय पर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन पीडब्ल्यूडी अधिकारी राजेश कुमार को सौंपते हुए विभिन्न मांगें रखीं.
ADVERTISEMENT
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि लगभग 200 वर्ष पुराने काली माता मंदिर के ध्वस्तीकरण के दौरान गुंबद गिरने से बलदेव यादव की मौत हुई थी. उन्होंने मृतक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सरकार से परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों, कर्मचारियों और निर्माण कंपनी के दोषी लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की.
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि यदि सरकार जनहित में निर्णय लेती तो सड़क चौड़ीकरण के स्थान पर फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा सकता था, जिससे व्यापारिक प्रतिष्ठानों को नुकसान नहीं होता और मंदिर ध्वस्तीकरण जैसी स्थिति भी टाली जा सकती थी. उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के कारण सैकड़ों दुकानें प्रभावित हुई हैं और हजारों लोगों के रोजगार पर संकट खड़ा हो गया है.
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने कहा कि मंदिर ध्वस्तीकरण के समय पीडब्ल्यूडी के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद थे, इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में कथित लापरवाही बरती गई.
उन्होंने स्टेशन नंबर-1 से स्टेशन नंबर-2 तक नाला निर्माण के बाद व्यापारियों को दुकानों की मरम्मत एवं निर्माण की अनुमति देने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने तथा लाल बहादुर शास्त्री पार्क और सुभाष पार्क क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने की भी मांग की.
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई और मृतक के परिजनों को न्याय नहीं मिला, तो पार्टी व्यापक जनआंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेगी.
प्रदर्शन में राकेश सिंह, मनोज सिंह, श्रीकांत पाठक, मधुराय, संतोष चौबे, राकेश पाठक, परमहंस सिंह, विजय गुप्ता, नेहाल अख्तर, शिवेंद्र मिश्रा, दयाराम पटेल, इसरार कुरैशी, असद इकबाल, साबिर राय, एन. रमेश पांडेय, संजय जायसवाल, कन्हैया मोदीवाल, हमीर शाह जायसवाल, दिलीप पाल, शाहिद, कुंदन गुप्ता, रमेश यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT











