Chandauli Weather News: नगर और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा. कभी तेज धूप तो कभी आसमान में घने बादल छाए रहे. बादलों की इस आंख-मिचौली के बावजूद लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल सकी. अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने के बावजूद हवा में नमी अधिक होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा.
ADVERTISEMENT
सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा रहा, जिससे लोगों को बारिश होने की उम्मीद थी. हालांकि बीच-बीच में तेज धूप निकलने से उमस और बढ़ गई. गर्म और चिपचिपे मौसम के कारण बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर निकलने वाले लोग पसीने से तरबतर नजर आए. दोपहर के समय गर्मी का असर सबसे अधिक देखने को मिला और लोग जरूरी काम निपटाकर जल्द से जल्द घर लौटते दिखाई दिए.
उमस भरी गर्मी के चलते बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. कई लोग गर्मी से बचाव के लिए छाता, गमछा और पानी की बोतल साथ लेकर घरों से निकल रहे हैं. वहीं ठंडे पेय पदार्थ, नींबू पानी, शिकंजी और जूस की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ देखी गई.
मौसम के बदलते रुख को देखते हुए लोगों को अब अच्छी बारिश का इंतजार है, ताकि उमस भरी गर्मी से राहत मिल सके. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और आने वाले दिनों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना भी है. यदि बारिश होती है तो तापमान में गिरावट आने के साथ लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिलने की उम्मीद है. फिलहाल बादलों और धूप की आंख-मिचौली के बीच नगरवासी उमस भरी गर्मी से परेशान हैं.
ADVERTISEMENT











