Chandauli Protest News: नियामताबाद ब्लॉक क्षेत्र के बहादुरपुर गांव स्थित बांध रोड पर सीवर ओवरफ्लो होने से सड़क पर गंदा पानी बह रहा है. इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सड़क पर जलभराव और गंदगी के कारण लोगों को मजबूरी में उसी दूषित पानी से होकर आवागमन करना पड़ रहा है.
ADVERTISEMENT
स्थानीय लोगों का कहना है कि सबसे अधिक परेशानी बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही है. सड़क पर फैले गंदे पानी के कारण फिसलने का खतरा बना रहता है, वहीं दुर्गंध से भी लोगों का जीना मुश्किल हो गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि सीवर की समय-समय पर सफाई नहीं कराए जाने के कारण पहली ही बारिश में व्यवस्था की पोल खुल गई है.
ग्रामीणों का कहना है कि यदि ग्राम पंचायत स्तर पर समय रहते सीवर की सफाई कराई गई होती तो आज यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती. उनका आरोप है कि सड़क बनने के बाद से आज तक सीवर की समुचित सफाई नहीं कराई गई, जिसके चलते उसमें सिल्ट और कचरा जमा हो गया है. इसी कारण सीवर का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल रहा है.
लोगों का कहना है कि आने वाले दिनों में यदि बारिश तेज हुई तो स्थिति और गंभीर हो जाएगी तथा इस मार्ग से आवागमन करना लगभग असंभव हो सकता है. इससे क्षेत्र के लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा.
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल सीवर की सफाई कराने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी.
ADVERTISEMENT











