Chandaul Sushil Singh Convoy Accident: उत्तर प्रदेश के चंदौली में सैयद राजा से बीजेपी विधायक सुशील सिंह के काफिले की तीन गाड़ियां दुर्घटनाग्रस्त हो गईं. यह हादसा उस समय हुआ, जब विधायक सुशील सिंह बिहार के मोकामा से लौट रहे थे. वह बिहार के चर्चित विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी का निमंत्रण करने गए थे. चंदौली सदर कोतवाली क्षेत्र के झांसी गांव के पास नेशनल हाईवे-19 पर एक सफेद स्कॉर्पियो ने उनके काफिले की तीन गाड़ियों को एक के बाद एक टक्कर मार दी. इस घटना में चार लोग घायल हुए हैं. वहीं, विधायक सुशील सिंह ने हादसे को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से जांच की मांग की है.
ADVERTISEMENT
3 गाड़ियों को एक के बाद एक मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक विधायक सुशील सिंह अपने समर्थकों के साथ बिहार से वापस लौट रहे थे. उनके काफिले में करीब एक दर्जन से ज्यादा गाड़ियां शामिल थीं. काफिला जब चंदौली सदर कोतवाली क्षेत्र के झांसी गांव के पास नेशनल हाईवे-19 से गुजर रहा था, तभी तेज रफ्तार से आई एक सफेद स्कॉर्पियो ने काफिले की तीन गाड़ियों को टक्कर मार दी. इसके बाद स्कॉर्पियो सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई. हादसे में विधायक के काफिले की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं.
यह भी पढ़ें- जज की जगह ओवैसी को दे दिया था गार्ड ऑफ ऑनर, अब मामले में कार्रवाई के बाद CO पवन कुमार पद से हटाए गए
विधायक की गाड़ी सुरक्षित, 4 लोग घायल
इस दुर्घटना में राहत की बात यह रही कि जिस गाड़ी में भाजपा विधायक सुशील सिंह बैठे थे, उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा. हालांकि, उनके काफिले में शामिल एक युवक घायल हो गया. वहीं, टक्कर मारने वाली स्कॉर्पियो में सवार तीन लोग भी घायल हुए हैं. इस तरह हादसे में कुल चार लोग घायल हुए. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार युवक अपने किसी परिजन को देखने अस्पताल जा रहे थे. इसी दौरान उनकी गाड़ी काफिले से टकरा गई.
यह भी पढ़ें- अयोध्या से जनकपुर जाने वाली ट्रेन में बैठने से पहले जान लें ये नियम, वरना टिकट होने के बावजूद भी नहीं कर पाएंगे सफर
सुशील सिंह ने हादसे को बताया संदिग्ध
भाजपा विधायक सुशील सिंह ने इस घटना को संदिग्ध बताया है. उनका कहना है कि जिस तरह से स्कॉर्पियो ने काफिले की तीन गाड़ियों को एक के बाद एक टक्कर मारी, उससे हादसे को लेकर संदेह पैदा होता है. उन्होंने इस संबंध में पुलिस को सूचना दे दी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. विधायक के मुताबिक जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्य सामने आ पाएंगे.
ADVERTISEMENT











