Bijnor Court Marriage Case: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के धामपुर से पहचान छिपाकर शादी करने और बाद में कथित तौर पर तीन तलाक देने का मामला सामने आया है. पीड़ित महिला सुहाना ने आरोप लगाया है कि युवक ने खुद को 'भूरा' बताकर उससे कोर्ट मैरिज की, जबकि बाद में उसका असली नाम सुभान अहमद होने की जानकारी मिली. महिला का कहना है कि शादी के बाद उनके तीन बच्चे हुए, लेकिन कुछ सालों बाद पति ने फोन पर कथित तौर पर तीन तलाक देकर रिश्ता खत्म कर दिया और उसे बच्चों समेत घर से निकाल दिया गया. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मामले की जांच जारी है.
ADVERTISEMENT
धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं
पीड़िता सुहाना के अनुसार जब वह करीब तीन साल की थी तभी उसके माता-पिता का निधन हो गया था. इसके बाद उसका पालन-पोषण स्योहारा में उसके ताऊ के घर हुआ. आर्थिक तंगी के कारण उसने एक स्थानीय परिवार के यहां घरेलू काम करना शुरू कर दिया. महिला ने पुलिस को बताया कि जिस घर में वह काम करती थी, वहां एक व्यक्ति की शादी मुस्लिम युवती से हुई थी. उसी महिला का भाई अक्सर वहां आता-जाता था. इसी दौरान उसकी मुलाकात युवक से हुई और दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया.
'भूरा' बताकर जीता भरोसा
महिला का आरोप है कि युवक ने अपना नाम 'भूरा' बताया और खुद को हिंदू बताते हुए उसका विश्वास जीता. इसके बाद साल 2020 में दोनों ने बिजनौर में कोर्ट मैरिज कर ली. पीड़िता का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद उसे पता चला कि उसके पति का असली नाम सुभान अहमद है और वह मुस्लिम समुदाय से संबंध रखता है. महिला के अनुसार, तब तक शादी हो चुकी थी, इसलिए उसने अपने वैवाहिक जीवन और भविष्य को देखते हुए पति के साथ रहने का फैसला किया. शिकायत के मुताबिक, शादी के बाद दोनों के तीन बच्चे हुए और परिवार सामान्य रूप से चल रहा था.
दिल्ली जाने के बाद बदले हालात
महिला का आरोप है कि सुभान अहमद धामपुर में सैलून चलाकर परिवार का खर्च उठाता था, लेकिन बाद में उसने दुकान बंद कर दी और अकेले दिल्ली चला गया. पीड़िता के मुताबिक, 12 जुलाई को पति का फोन आया, जिसमें उसने कथित तौर पर 'तीन तलाक' कहकर वैवाहिक संबंध समाप्त करने की बात कही. महिला का आरोप है कि इसके बाद उसे तीनों बच्चों के साथ घर छोड़ने के लिए कहा गया. उसने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने भी उसका साथ नहीं दिया और उसे बच्चों समेत घर से बाहर कर दिया, जिसके बाद वह कई दिनों तक इधर-उधर भटकती रही.
न्याय की मांग लेकर पहुंची पुलिस के पास
अपने साथ हुए कथित धोखे और उत्पीड़न के बाद महिला ने पुलिस से संपर्क किया और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई. उसने आरोप लगाया कि उससे पहचान छिपाकर शादी की गई और बाद में बिना किसी सहारे के उसे बच्चों सहित छोड़ दिया गया. महिला ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की. पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस कर रही जांच
धामपुर कोतवाली पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सुभान उर्फ भूरा, पुत्र सिराजुद्दीन, निवासी स्योहारा चुंगी, धामपुर को गिरफ्तार कर लिया. धामपुर कोतवाली प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया, 'शिकायत मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया. उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.' पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. वहीं, महिला द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की भी विस्तार से जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT











