Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. चांदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नाइपुरा उर्फ जूझारपुरा में 26 साल के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घर के भीतर युवक का शव मिलने के बाद जहां इलाके में हड़कंप मच गया. वहीं मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी कमेंद्री पर ही हत्या का संगीन आरोप लगाया है. इस पूरे मामले ने तब बेहद हैरान करने वाला मोड़ ले लिया जब मृतक के 5 साल के बेटे ने पुलिस और ग्रामीणों के सामने सरेआम दावा किया कि उसकी मां ने ही तकिए से मुंह दबाकर उसके पिता की जान ली है. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है.
ADVERTISEMENT
सुबह हुआ था झगड़ा और शाम को मिली लाश
क्राइम सीन से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान कुमरसेन के रूप में हुई है. बुधवार की शाम जैसे ही कुमरसेन का शव उसके घर के भीतर पड़े होने की खबर मिली परिजनों में कोहराम मच गया.
स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9 बजे कुमरसेन और उसकी पत्नी कमेंद्री के बीच किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी हुई थी. बताया जा रहा है कि पति को अपनी पत्नी पर शक था जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. इसी पारिवारिक तनाव और शक के चलते बुधवार को भी दोनों के बीच भारी झगड़ा हुआ था जिसके कुछ ही घंटों बाद कुमरसेन की रहस्यमयी मौत हो गई.
मासूम चश्मदीद के बयान से घूमी पुलिस की तफ्तीश
परिजनों का आरोप है कि कमेंद्री ने विवाद के बाद घर के भीतर कुमरसेन को दबोच लिया और तकिए से उसका मुंह तब तक दबाए रखा जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं. इस खौफनाक वारदात के वक्त दंपती का पांच वर्षीय बेटा भी वहीं मौजूद था.
जब पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ शुरू की तो मासूम बच्चे ने पुलिस अधिकारियों के सामने रोते हुए दावा किया कि उसने अपनी आंखों से मां को पिता का मुंह तकिए से दबाते देखा था. बच्चे के इस चौंकाने वाले बयान के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है. हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं बच्चे को यह बयान देने के लिए सिखाया तो नहीं गया है.
प्रेम प्रसंग और अवैध संबंधों का शक
प्रारंभिक जांच में पुलिस इस पूरे मामले को पारिवारिक कलह, गहरे मानसिक तनाव और प्रेम प्रसंग के एंगल से जोड़कर देख रही है. अवैध संबंधों के शक की बात भी स्थानीय स्तर पर चर्चाओं में है.
सीओ चांदपुर देश दीपक सिंह ने कहा कि 'युवक का शव उसके घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया है जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फिलहाल मौत की सही वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी. बच्चे के बयान को केस की डायरी और जांच का हिस्सा जरूर बनाया गया है. लेकिन हर पहलू की गहनता से पड़ताल की जा रही है.'
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों पर टिकी निगाहें
क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की टीमें घटनास्थल से मिले फॉरेंसिक साक्ष्यों और वैज्ञानिक कड़ियों को जोड़ने में लगी हैं. पुलिस का साफ कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी. यदि रिपोर्ट में दम घुटने या हत्या की पुष्टि होती है तो आरोपी पत्नी के खिलाफ मर्डर की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा. फिलहाल गांव में तनाव और सन्नाटे का माहौल है.
ADVERTISEMENT










