Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. जिले के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के शाहपूरवा गांव में गुरुवार सुबह एक मर्माहत कर देने वाला हादसा हो गया. खेत में काम कर रहे पिता-पुत्र की 11 हज़ार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से करंट लगने से मौत हो गई. इस हृदय विदारक घटना से पूरे इलाके में कोहराम मच गया.
ADVERTISEMENT
मिली जानकारी के अनुसार शहपुरवा गांव निवासी जनार्दन यादव अपने बेटे राजेश यादव के साथ गुरुवार सुबह करीब 6:00 बजे अपने खेत में काम करने गए थे. इसी दौरान अचानक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन लाइन का एक जीवंत तार टूट कर सीधे खेत में आ गीरा.
इसकी चपेट में आने से बेटा राजेश गंभीर रूप से झुलस गया और खेत में तड़पने लगा. अपने बेटे को अकाल मौत के मुंह में जाता देख पिता जनार्दन यादव का कलेजा कांप उठा, वह अपनी जान की परवाह किए बिना बेटे को बचाने के लिए तुरंत आगे बढ़े, लेकिन दुर्भाग्यवश वह भी प्रभावित हाई टेंशन करंट की चपेट में आ गए. अत्यधिक वोल्टेज के कारण दोनों की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही बांसडीह रोड थाना पुलिस तुरंत दल बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. इस अचानक हुए हादसे के बाद पूरे शहपुरवा गांव में मातम और शोक की लहर दौड़ गई है. एक ही घर के पिता और बेटे की अर्थी उठने की आशंका से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और पूरे गांव में चूल्हे तक नहीं जले है. ग्रामीण बिजली विभाग की इस बड़ी लापरवाही को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं.
बताया जा रहा है कि मृतक राजेश यादव हाल ही में पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके थे. उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना की सूचना मिलते ही विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल बुलाया. सूचना पर तहसीलदार नितिन सिंह एवं बांसडीह रोड थानाध्यक्ष भी मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह ने घटना पर गहरा दु:ख जताते हुए कहा कि यदि जांच में बिजली विभाग के किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी. वहीं, ग्रामीणों ने भी दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.
ADVERTISEMENT











