Ayodhya Crime News: अयोध्या से सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां पूर्व जिला पंचायत सदस्य पद प्रत्याशी संजय सिंह पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की है. इस फायरिंग में संजय सिंह को 2 गोलियां लगी हैं. घटना के बाद उन्हें राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया. डॉक्टरों के मुताबिक अब उनकी हालत खतरे से बाहर है.
ADVERTISEMENT
संजय सिंह थे टारगेट पर
जानकारी के अनुसार, मिल्कीपुर चतुर्थ से पूर्व जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी रहे संजय सिंह मिल्कीपुर बाजार निवासी उमाशंकर जायसवाल के घर आयोजित प्रीतिभोज में शामिल होने गए थे. जब वह कार्यक्रम से निकलकर अपनी गाड़ी में बैठ रहे थे, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी.
बताया जा रहा है कि घटना से पहले ही वहां 2 युवक आसपास ही मंडरा रहे थे. चालक ने इस बारे में संजय सिंह को आगाह भी किया था, लेकिन उन्होंने इसे सामान्य बात समझकर नजरंदाज कर दिया.
पुलिस का एक्शन
घटना की सूचना मिलते ही थाना इनायत नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी शुरू कर दी. घायल संजय सिंह की तहरीर पर पुलिस ने विपिन दुबे, अभय दुबे और गिरजा शंकर दुबे के खिलाफ केस दर्ज कराया है.
बता दें कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विपिन दुबे और अभय दुबे को गिरफ्तार भी कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है. आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त असलहा भी बरामद कर लिया गया है.
एसपी ने ये बताया
इस मामले को लेकर एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया, पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की बात स्वीकार की है. विधिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है. इसी के साथ तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है.
माना जा रहा है कि संजय सिंह पर ये हमला राजनीतिक रंजिश को लेकर हुआ है. फिलहाल अयोध्या के राजनीतिक हलकों में इसकी चर्चा हो रही है.
ADVERTISEMENT









